रेव पार्टी में सांपों के जहर सप्लाई करने के मामले में जेल में बंद यू-ट्यूबर एल्विश यादव के दो सहयोगियों को कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार विनय यादव एल्विश का करीबी दोस्त और ईश्वर बैंक्वेट हाल व टेंट हाउस संचालक है। इन दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य उन धाराओं में कार्रवाई की गई है। बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सांपों के जहर सप्लाई करने के मामले में एल्विश की गिरफ्तारी के बाद उसके करीबियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्रकरण के ऑडियो, वीडियो, सीडीआर की जांच में ईश्वर और विनय यादव का नाम सामने आया था। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया। रात को हुई लंबी पूछताछ के बाद तथ्यों के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी कर ली गई। पुलिस के मुताबिक विनय यादव एल्विश के साथ रहता था। वहीं ईश्वर संपेरे राहुल के संपर्क में रहता था। राहुल ही बुकिंग पर सांप और जहर के साथ संपेरों की टोली लेकर पहुंचता था। विनय और ईश्वर की आपस में दोस्ती थी।