फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida Twin Towers Demolition : कुछ दिन खिड़की न खोलें, सुबह सैर से बचें, आज से कंट्रोलरूम में कर सकेंगे शिकायत

Sun, 28 Aug 2022 08:37 AM IST
अनुराग सक्सेना अमर उजाला ब्यूरो, नोएडा

सार

ट्विन टावर के ध्वस्तीकरण के बाद धूल के गुबार से निपटना बड़ी चुनौती होगी। इसमें स्मॉग गन, स्प्रिंक्लर और दमकल की गाड़ियों के साथ हवा की भूमिका भी अहम होगी। अगर उस समय हवा चली तो धूल का गुबार जल्द खत्म हो जाएगा।
विज्ञापन
1 of 9
ट्विन टावर - फोटो : अमर उजाला
ट्विन टावर ध्वस्त होने के बाद लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने छह एंबुलेंस और चार अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को विभाग के अधिकारियों ने अस्पतालों की तैयारियों का जायजा लिया।

धूल और धुएं के गुबार से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ने पर लोगों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए। ट्विन टावर के आसपास रहने वाले लोगों को इमारतें गिरने के बाद कुछ दिनों तक खिड़की व दरवाजे न खोलने की सलाह दी गई है। साथ ही, धूल भरे दरवाजों व खिड़कियों को सूखे कपड़े से साफ न करने, बिना हाथ धोए भोजन का सेवन न करने, दांतों से नाखूनों को न काटने, अगले कुछ दिनों ट्विन टावर के आसपास क्षेत्र में भ्रमण न करने और सुबह की सैर न करने की सलाह लोगों को दी गई है।
विज्ञापन

2 of 9
ट्विन टावर - फोटो : अमर उजाला
सीएमओ डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य संबंधित समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देनी होगी। इसके अलावा जेपी अस्पताल, फेलिक्स अस्पताल, यथार्थ अस्पताल और सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।

शिकायत के लिए आज शुरू हो जाएगा कंट्रोल रूम
प्राधिकरण की ओर से ट्विन टावर के ध्वस्तीकरण को लेकर एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यहां ध्वस्तीकरण के बाद आने वाली परेशानियों का समाधान कराया जाएगा। आपदा प्रबंधन की टीम के अलावा चिकित्सा संबंधी सहायता भी मुहैया कराई जाएगी। कंट्रोल रूम रविवार सुबह 6 बजे से शुरू होगा, जो 30 अगस्त तक संचालित रहेगा। सूचना एवं शिकायत के लिए 0120-2425301, 0120-2425302 और 0120-2425025 पर संपर्क किया जा सकेगा।
विज्ञापन

3 of 9
नोएडा ट्विन टावर - फोटो : amar ujala
धूल के गुबार को रोकना बड़ी चुनौती
ट्विन टावर के ध्वस्तीकरण के बाद धूल के गुबार से निपटना बड़ी चुनौती होगी। इसमें स्मॉग गन, स्प्रिंक्लर और दमकल की गाड़ियों के साथ हवा की भूमिका भी अहम होगी। अगर उस समय हवा चली तो धूल का गुबार जल्द खत्म हो जाएगा।

जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शनिवार को ट्विन टावर के ध्वस्तीकरण को लेकर विभिन्न विभागों के साथ ऑनलाइन बैठक की। इसमें आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ध्वस्तीकरण के बाद धूल के गुबार की रणनीति की जानकारी ली। दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर तैनात रहेंगी। ध्वस्तीकरण के बाद इन गाड़ियों से पानी का छिड़काव किया जाएगा। साथ ही, अगर आग की घटना होती है तो फिर उस पर काबू पाया जाएगा।

4 of 9
गौतमबुद्ध नगर के डीएम सुहास एलवाई - फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी ने दमकल विभाग से कहा कि दमकल गाड़ियों की संख्या में इजाफा करें। कंपनियों की गाड़ियों की भी सहायता ली जाए। इन गाड़ियों को एक्सप्रेस-वे पर लगाया जाएगा। अन्य जनपदों की गाड़ियों को भी अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ी तो गाड़ियों को बुलाया जा सके। बैठक में यूपीपीसीबी के अफसरों ने बताया कि करीब 10 एंटी स्मॉग गन को लगाया गया है। इससे धूल को खत्म करने का प्रयास किया जाएगा। स्मॉग गन की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। सभी बिल्डरों की स्मॉग गन ट्विन टावर के पास लगाने को कहा गया है।

31 अगस्त तक होगी वायु प्रदूषण की निगरानी
यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ट्विन टावर के आसपास छह से अधिक अस्थायी मशीनों को लगाया है। इनकी मदद से टीम 31 अगस्त तक वायु प्रदूषण पर निगरानी रखेगी। रोजाना दस बजे वायु प्रदूषण के आंकड़े जारी किए जाएंगे। साथ ही, अन्य मशीनों से भी वायु गुणवत्ता सूचकांक देखा जाएगा। अफसरों ने बताया कि करीब 15 मिनट में धूल हटने की संभावना है।
विज्ञापन

5 of 9
ट्विन टावर के बाहरी दीवार की पुताई करते मजदूर - फोटो : लाल सिंह
ध्वस्तीकरण के तुरंत बाद शुरू होगा पानी का छिड़काव
सीईओ रितु माहेश्वरी ने सुबह 11 बजे से ध्वस्तीकरण साइट के पास 100 वाटर टैंकर, 15 एंटी स्मॉग गन, 6 मेकेनिकल स्वीपिंग मशीनें, करीब 200 सफाई कर्मचारी और 20 ट्रैक्टर ट्रॉली तैयार रखने के आदेश दिए। उद्यान विभाग की समीक्षा की गई कि पानी के छिड़काव के लिए कितनी तैयारी है। प्राधिकरण का जल विभाग एटीएस और एमराल्ड कोर्ट में पानी की आपूर्ति मुहैया कराएगा। यह कार्य दो दिन तक लगातार चलेगा। ध्वस्तीकरण के बाद धूल के प्रभाव से बचने के लिए ध्वस्तीकरण स्थल के समीप स्थित पार्श्वनाथ प्रेस्टीज एवं पार्श्वनाथ सृष्टि सोसाइटी, गेझा, सेक्टर-92, 93, 93ए, 93बी आदि आवासीय क्षेत्रों में निवासियों, बच्चों, बुजुर्गों व सांस के रोगियों को एहतियात के तौर पर मास्क लगाने की अपील की गई है।
विज्ञापन

6 of 9
ट्विन टावर के साथ सेल्फी लेती महिला - फोटो : अमर उजाला
सीईओ ने मुख्यमंत्री को बताई ट्विन टावर की ध्वस्तीकरण प्रक्रिया
प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी शनिवार को गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलीं। सीईओ ने मुख्यमंत्री को ट्विन टावर के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया बताई। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से भी मुख्यमंत्री के अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ध्वस्तीकरण प्रक्रिया के बारे में बताया गया। वहीं शनिवार को सीईओ ने ट्विन टावर का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश जारी किए।

ड्रोन से होगी इमारत गिरने की फोटोग्राफी
नोएडा प्राधिकरण, एडिफिस इंजीनियरिंग, पुलिस और सीबीआरआई की ओर से ड्रोन का इस्तेमाल कर फोटो खींचे जाएंगे। ड्रोन से इमारत गिरने के अलावा मलबे की फोटो लिए जाएंगे।
विज्ञापन

7 of 9
आज ढहा दिया जाएगा ट्विन टावर - फोटो : अमर उजाला
मॉकड्रिल से सफाई व्यवस्था परखी
कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट प्लान प्राधिकरण को मिल गया है। इसके तहत डंपिंग ग्राउंड में मलबा डालने के लिए भी अनुमति की जरूरत होगी। शनिवार को मॉकड्रिल कर सफाई आदि की व्यवस्था परखी गई।

लावारिस पशुओं का रखना होगा ध्यान
डीएम ने पशु चिकित्सा विभाग और वन विभाग के अफसरों को निर्देश दिए हैं कि ट्विन टावर के आसपास लावारिस पशुओं का भी ध्यान रखें। किसी को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। इसके लिए टीम तैनात रहेगी। वन विभाग पक्षियों और अन्य जीवों निगरानी करेगा।

8 of 9
ट्विन टावर - फोटो : अमर उजाला
रात में रुकने की व्यवस्था के साथ मेडिकल टीम का इंतजाम
पार्श्वनाथ प्रेस्टीज सेक्टर93ए के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रजनीश नंदन ने बताया कि एटीएस व एमरॉल्ड कोर्ट सोसाइटी के लोगों के रहने के लिए बेड और खानपान की सुविधाओं के साथ वातानुकूलित क्लब एरिया में फ्रिज व किचन के संचालन का इंतजाम किया गया है। साथ ही, जरूरत पड़ी तो सोमवार को भी रुकने की व्यवस्था है। फेलिक्स अस्पताल से एक टीम भी डाक्टरों की बुलाई है।

हेल्पलाइन नंबर
डॉ. उबैद    9415519773
डॉ. टीकम सिंह    9650826925
डॉ. अशोक    7985022163
विज्ञापन

9 of 9
ट्विन टावर रूट डायवर्जन - फोटो : अमर उजाला
इन सुझावों पर दें ध्यान
सभी खिड़की दरवाजे बंद रखें, फर्श-दरवाजे-पर्दे-चादरों को नियमित साफ करते रहें, ध्वस्तीकरण के बाद सभी चादर और पर्दों को धोना सुनिश्चित करें, धूल से बचने के लिए मास्क व चश्मे का इस्तेमाल करें, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें, पानी का सेवन अधिक करें।

लक्षण दिखने पर डॉक्टर से सलाह लें
नाक-आंख-त्वचा में खुजली, शरीर में दर्द, छाती में घुटन, धड़कन अचानक तेज होना, सांस लेने में दिक्कत, अचानक खांसी बढ़ना, गले में खराश या नाक बहना, उल्टी या उबकाई आना, पेट में दर्द या दस्त होना।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें