नोएडा मे्ं फेज 2 के सेक्टर 80 में आज भी फैक्टरी कर्मचारियों ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की है। पुलिस हालात को काबू करने की कोशिश कर रही है। पत्थरबाजी करने वालों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें हठाया। इसके बाद पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल नोएडा के कई औद्योगिक इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और कई कंपनियों में तोड़फोड़ की। फेज 2 में कर्मचारियों ने जमकर बवाल किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस कमेटी का मुख्य उद्देश्य मजदूरों के हितों की सुरक्षा के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों में शांति और संतुलन बनाए रखना है। सोमवार को हुए उपद्रव को देखते हुए मंगलवार को तमाम कंपनियों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। काफी कंपनियों ने बैठक के दौरान लिए गए निर्णयों के तहत उद्योग बंद रखे हैं। हालांकि, कुछ शांतिपूर्वक संचालित किए जा रहे हैं।
सोमवार को सड़क पर उतरे कामगारों ने सेक्टर-58, 59,62,63 और सेक्टर-84 की कंपनियों में तोड़फोड़ कर दी। इस बीच पुलिस ने कई स्थानों पर लाठीचार्ज किया। हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा। दोपहर 2 बजे तक पुलिस के हटते ही श्रमिक टोलियों में सामने आकर प्रदर्शन करते रहे। कई जगह आगजनी जारी रही। इस बीच कंपनियों में पत्थरबाजी हुई। सीसीटीवी कैमरे और कांच तोड़ दिए गए।