दूध बेचने बुधवार सुबह फरीदाबाद जा रहे कारोबारी प्रमोद उर्फ भीम की कार सवार बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। हत्यारे हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। युवक की हत्या से गुस्साए लोगों ने भैंसरावली गांव के मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस और एक मंत्री के रिश्तेदार के खिलाफ नारेबाजी की।
विज्ञापन
पुलिस आयुक्त ने लापरवाही बरतने में तिगांव एसएचओ राधेश्याम को लाइन हाजिर कर दिया। मृतक के पिता ने गांव के ही तीन लोगों को नामजद कर पांच के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्यारों की धरपकड़ के लिए सीआईए की दो टीमें गठित की गई हैं।
भैंसरावली गांव में रहने वाले प्रमोद उर्फ भीम का परिवार दूध का कारोबार करता है। पिता धर्मवीर के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे प्रमोद बाइक पर दूध के केन लादकर फरीदाबाद जाने के लिए निकला था। प्रमोद के पीछे वह और गांव का घनश्याम भी अपनी बाइक पर थे।
विज्ञापन
तीनों ने कार से उतर कर प्रमोद पर गोलियां दाग दीं
बल्लभगढ़ हत्याकांड
इनके पीछे गांव का ही अनिल उर्फ अन्नी भी चल रहा था। धर्मवीर के मुताबिक जैसे ही भीम की बाइक तिगांव मुख्य रोड पर स्थित वीटा डेयरी के पास पहुंची, सामने से एक सफेद रंग की पोलो कार आई। कार में पवन उर्फ हरिया, अंकित उर्फ बौना, अरुण व दो अन्य लोग बैठे थे।
इन लोगों ने सामने कार लगाकर प्रमोद को बाइक रोकने पर मजबूर किया। तीनों ने कार से उतर कर प्रमोद पर गोलियां दाग दीं। गोली लगने से प्रमोद जमीन पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों कार में बैठे और मोड़कर उसी दिशा में जाने लगे, जिधर से आए थे।
आरोप है कि मुड़ने के बाद कार एक बार और रुकी, एक हमलावर बाहर निकला और उसने प्रमोद पर एक और गोली दागी। इसके बाद सभी कार में बैठकर हवाई फायर करते हुए भाग निकले। लोगों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी।
एसीपी तिगांव बलवीर सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर हत्यारों की तलाश के लिए सीआईए ऊंचागांव और सीआईए सेक्टर 65 की टीमें लगाई गई हैं। हत्यारों को पकड़ने के लिए संभावित जगहों पर दबिश दी जा रही है। प्रमोद के शव का पोस्टमॉर्टम बीके सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने किया। सूत्रों के मुताबिक मृतक को चार गोलियां लगीं।
लोगों ने तिगांव रोड किया जाम
बल्लभगढ़ हत्याकांड
प्रमोद की हत्या से गुस्साए लोगों ने तिगांव रोड जाम कर हंगामा किया। पुलिस और एक राजनेता के मामा के खिलाफ नारेबाजी की गई। लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि अपराधियों पर अंकुश लगाने के बजाय वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली मेें लगी रहती है।
एक राजनेता के मामा पर आरोप लगाया गया कि मामा ही क्षेत्र में अपराधियों को संरक्षण देकर गलत काम करवा रहा है। सत्तापक्ष के कद्दावर नेता का मामा होने की वजह से पुलिस उसकी जी हुजूरी में लगी रहती है।
लोगों ने एसएचओ राधेश्याम पर भी जनता की बात नहीं सुनने का आरोप लगाया। पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी ने इंस्पेक्टर राधेश्याम को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए।
...तो शायद न जाती जान
बल्लभगढ़ हत्याकांड
पिता धर्मवीर और गांव के ही राहुल ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी हरिया ने प्रमोद उर्फ भीम पर हत्या की नीयत से गोलियां चलाई थीं। राहुल ने बताया कि 19 सितंबर को वह प्रमोद और दो अन्य साथी बाइक खरीदने के लिए फरीदाबाद गए थे। देर शाम चारों लौट रहे थे। आरोप है कि भैंसरावली गांव के अंदर हरिया इसकी सफेद पोलो कार में घात लगाए बैठा था।
उन लोगों के पहुंचते ही हरिया ने हत्या करने की नीयत से प्रमोद पर गोलियां दागी थीं, इन लोगों ने तुरंत ही 100 नंबर पर डायल कर सूचना दी थी। पुलिस ने आकर तफ्तीश भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। धर्मवीर का कहना है कि यदि पुलिस उसी समय सक्रिय होकर हरिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करती तो संभव है कि बुधवार को यह घटना न होती।
पुलिस के मुताबिक पवन उर्फ हरिया सुंदर भाटी गैंग के लिए काम करता है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों मेें मारपीट, अवैध तमंचा रखने, रंगदारी के लिए मारपीट, लूट आदि के केस दर्ज हैं।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में उसके खिलाफ कई थानों मेें जघन्य अपराध की धाराओं में केस दर्ज हैं। वह दो बार सीआईए के हत्थे चढ़ चुका है। गलत हरकतों की वजह से उसके पिता ने उसे परिवार और जायदाद से बेदखल कर दिया है।