दिल्ली में लोकसभा चुनाव को लेकर सूची सामने आने के बाद पार्टी में मतभेद सामने आने लगे हैं। सोमवार को एक ओर वर्तमान सांसदों के चेहरे पर दोबारा टिकट मिलने की खुशी साफ देखने को मिल रही थी तो वहीं उत्तर पश्चिम दिल्ली के भाजपा सांसद डॉ. उदित राज ने खुलासा किया है कि वे पिछले कई दिनों से पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन पर मैसेज भेज रहे हैं।
कई बार कॉल भी कर चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने सवाल किया है कि पार्टी टिकट क्यों नहीं दे रही? उन्होंने पांच साल में बेहतर से बेहतर कार्य किए। क्या भाजपा दलित विरोधी है?
उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी से भी उन्होंने इस बारे में बातचीत की, जिस पर मनोज तिवारी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इस बार भी पार्टी उन्हें ही मौका देगी, लेकिन पहली सूची में उनका जिक्र तक नहीं हुआ।
भाजपा के सांसद ने इस मुद्दे को लेकर अरुण जेटली और सीतारमण तक से संपर्क करने का खुलासा किया है। भाजपा हाईकमान को चेतावनी देते हुए डॉ. उदित राज ने कहा है कि अगर पार्टी ने उन्हें मौका नहीं दिया तो उनके समर्थक काफी नाराज होंगे, जिसका असर चुनाव पर भी पड़ सकता है। साथ में उन्होंने उम्मीद भी जताई है कि भाजपा दलितों को धोखा नहीं देगी।