शहर में बुधवार को हरियाली तीज की धूम रही। सोसायटीज के पार्क और बैंक्वेट हॉल तीज उत्सव के कार्यक्रमों से गुलजार रहे। कहीं डांस-गाने तो कहीं गेम्स और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। तीज के बड़े आयोजनों में जिन महिलाओं ने भाग नहीं लिया, उन्होंने अपनी सोसायटी और कॉलोनियों में ही डांस-गाना, झूले सहित खाने-पीने का मजा लिया।
कोरोना की वजह से कुछ संगठनों ने ऑनलाइन तीज मनाई। राजनगर एक्सटेंशन, गोविंदपुरम, राजनगर, क्रासिंग रिपब्लिक, शास्त्रीनगर सभी जगहों पर महिलाओं ने सावन के गीतों और खाने-पीने का आनंद लिया।
गोल्फ लिंक के सिटी क्लब में ईलाक्षी क्लब की महिलाओं ने हरियाली तीज मनाई। सोलह शृंगार में महिलाओं ने सावन के गीतों पर नृत्य किया। इस मौके पर क्लब की अध्यक्ष पुनीता त्यागी, शिवानी अग्रवाल, सीमा सिंह, नीरू, डॉ. मंजू, शिवानी, डॉ. सरिता, मनिका, सारिका आदि शामिल रहीं।
निशांत चैरिटेबल ट्रस्ट की महिलाओं ने राजनगर में हरियाली तीज पर झूले का आनंद लिया और गीत-संगीत की महफिल सजाई। इस मौके पर विभा भटनागर, मधु भटनागर, मधु मित्तल, वंदना अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, ईशा गोयल, सर्वेश शर्मा, नेहा गोयल, अलका सिंह, पूजा कौशिक, संस्था के चेयरमैन नीरज भटनागर, मनोज अग्रवाल आदि शामिल रहे।