उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में एक दर्दनाक हादसे में चौथी कक्षा के 10 वर्षीय छात्र अनुराग भारद्वाज की मौत हो गई। दरअसल, दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के छात्र ने स्कूल की चलती बस से सिर निकाला और वह लोहे के गेट से टकरा गया। छात्र की मौत के बाद परिजन शव लेकर स्कूल पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग थे। इन लोगों ने हत्या का केस दर्ज करने की मांग लेकर हंगामा किया। तोड़फोड़ भी की गई।
अनुराग ने कहा था, मम्मी दीदी बीमार है उनकी दवा का ध्यान रखना
नेहा बेटे के अंतिम शब्द यादकर फफक कर रो पड़ती हैं। सुबह स्कूल बस में सवार होते समय अनुराग ने कहा था कि मम्मी, दीदी बीमार है उनक दवा का ध्यान रखना। नेहा ने बताया कि अनुराग और अंजलि दयावती मोदी में एक साथ पढ़ते थे। मंगलवार को अनुराग की बड़ी बहन अंजलि की तबीयत खराब हो गई।
विज्ञापन
2 of 8
विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
इस कारण बुधवार को वह स्कूल नहीं गई। सुबह कॉलोनी के गेट पर बस आई तो नेहा अपने लाडले को छोड़ने आईं। बस में बैठाने के कुछ देर बाद ही उन्हें हादसे की खबर मिली। नेहा बार बार रोते हुए यही कह रही थीं कि उन्हें नहीं पता था कि वह आज अपने लाल को अंतिम विदाई दे रही हैं।
विज्ञापन
3 of 8
विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बहन के नहीं रुक रहे आंसू, बोली-अब किसके साथ
अनुराग की बहन अंजली का रो-रोकर बुरा हाल है। वह इसी स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा है। रोते हुए सभी से पूछ रही है, अब मैं किसके साथ खेलूंगी और किसको राखी बांधूंगी। अनुराग की बुआ भी सूरत सिटी में रहती है उनके एक बिटिया है और वह अनुराग को अपने बेटे की तरह ही मानती थीं।
4 of 8
Ghaziabad Accident
- फोटो : अमर उजाला
घटना के बाद भी नहीं की स्कूल की छुट्टी
छात्र अनुराग की मौत के बाद भी दयावती मोदी पब्लिक स्कूल में शिक्षण कार्य चलता रहा। स्कूल की छुट्टी नहीं की गई। इसे लेकर अभिभावकों ने रोष जताया तथा प्रबंधन को संवेदनहीन बताया।
विज्ञापन
5 of 8
इसी बस में हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
शिकायत पर कार्रवाई की होती तो शायद नहीं होता हादसा
मृतक के परिजनों का आरोप है कि दयावती मोदी स्कूल में हर दर्जे की लापरवाही है। यहां बसों में क्षमता से अधिक बच्चे बैठाए जाते हैं। बच्चों को सीट पर बैठने के लिए दौड़ लगानी पड़ती है। मृतक छात्र अनुराग की मां नेहा ने बताया कि वह इसकी शिकायत कई बार स्कूल प्रबंधन से कर चुकी थीं।
विज्ञापन
6 of 8
मृतक का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने बताया कि बीते एक अप्रैल को भी इसकी शिकायत स्कूल में जाकर की गई थी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। बस में बच्चे ज्यादा भरे होने के कारण बुधवार सुबह भी स्कूल बस चालक ओमवीर से कहासुनी हो गई थी। बिलखते हुए नेहा ने बताया कि अगर प्रबंधन उनकी शिकायत सुन लेता तो शायद आज उनका बेटा जिंदा होता।
विज्ञापन
7 of 8
Ghaziabad Accident
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने बस सीज की
घटना के बाद बस की फिटनेस को लेकर भी सवाल उठने लगे। आरोप लगाया कि बस की फिटनेस खत्म हो चुकी है। पुलिस ने बस को सीज कर दिया है। बस को टेक्निकल मुआयने के लिए भेजा जाएगा।
एआरटीओ करेंगे पब्लिक स्कूलों के वाहनों की जांच
एसडीएम शुभांगी शुक्ला ने बताया कि नगर के सभी पब्लिक स्कूलों की वाहनों की जांच के लिए एआरटीओं से कहा गया है। एआरटीओं दयावती मोदी सहित अन्य सभी स्कूलों के वाहनों की जांच करेंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से तीन दिन के लिए स्कूल बंद करने की जानकारी दी गई है।