फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग की हत्या: बदले की आग में झुलसी दोस्ती, भरोसे का कत्ल; विश्वासघाती निकला यश

Mon, 01 Jun 2026 03:36 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद

सार

गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग की हत्या में नया खुलासा हुआ है। दोस्त यश दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग को साथ लेकर गाजियाबाद आया था। डेढ़ साल पहले राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अयोग्य घोषित होने के बाद यश चिराग से रंजिश रखने लगा था।
विज्ञापन
1 of 10
Para-Athlete Murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या अचानक हुए किसी विवाद का नतीजा नहीं, बल्कि डेढ़ साल से पल रही रंजिश का अंत निकली। पुलिस के अनुसार, आरोपी यश खटीक ने स्वीकार किया है कि उसने दोस्ती व भरोसे का फायदा उठाकर चिराग की जान ली है।

करीब डेढ़ वर्ष पहले राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अयोग्य घोषित होने के बाद से वह चिराग से बदला लेने की योजना बना रहा था। वह इसके लिए चिराग को कुसूरवार मानता था।

इस बीच रविवार दोपहर चिराग का शव उनके गांव बसंतपुर सैंथली पहुंचते ही माहौल गम और गुस्से में बदल गया। ग्रामीणों और परिजनों ने पहले मेरठ रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। उसके बाद गांव के प्रमुख मार्ग को दोपहर तीन से शाम चार बजे तक जाम रखा।
विज्ञापन

2 of 10
चिराग के परिजन - फोटो : अमर उजाला
उन्होंने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की। मौके पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ और एडिशनल सीपी केशव चौधरी ने परिवार को किसी तरह समझाकर यातायात सुचारु कराया। शाम को गांव के श्मशान घाट पर चिराग का अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन

3 of 10
चिराग त्यागी - फोटो : अमर उजाला
बधाई देने पहुंचा, फिर साथ लाकर कर दी हत्या
एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मुरादनगर के रावली रोड निवासी यश और बसंतपुर सैंथली गांव निवासी चिराग करीबी दोस्त थे। दोनों साथ में प्रैक्टिस करते थे और एक-दूसरे के घर भी आते-जाते थे। बंगलूरू में 8वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण व रजत पदक जीतने के बाद चिराग के दिल्ली पहुंचने पर यश शनिवार तड़के उनसे मिलने पहुंचा।

 

4 of 10
Chirag Tyagi Murder - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उसने पदक जीतने पर उसे बधाई दी और साथ घर चलने की बात कही। दोनों अक्सर साथ आते-जाते थे, इसलिए चिराग को उस पर शक नहीं हुआ। दोनों दिल्ली से कैब में सवार होकर निकले और करीब 11 बजे साईं उपवन पहुंचे। 
विज्ञापन

5 of 10
पैरा एथलीट चिराग त्यागी - फोटो : अमर उजाला
यश ने चिराग से कहा कि उसे एक परिचित से 50 हजार रुपये लेने हैं और इन्हीं रुपयों से वह उसकी उधारी भी चुका देगा। इस बहाने वह चिराग को उपवन के भीतर ले गया। एसीपी ने बताया कि उपवन में दोनों टहलते हुए बातचीत करने लगे। इस दौरान चिराग कुछ कदम आगे निकल गया। मौका देखते ही यश ने पीछे से उस पर गोलियां चला दीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो गोलियां लगने की पुष्टि हुई है। हत्या के बाद आरोपी अपने घर पहुंच गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ में उसने पूरा घटनाक्रम बता दिया।
विज्ञापन

6 of 10
पैरा एथलीट चिराग त्यागी - फोटो : अमर उजाला
जाना था जापान
परिजनों के अनुसार, चिराग त्यागी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। हाल ही में उनका चयन अंतरराष्ट्रीय टीम में हुआ था और अक्तूबर में उन्हें भारत की ओर से जापान में एशियन पैरा गेम्स में प्रतिभाग करने जाना था। इससे पहले ही उनकी हत्या ने परिवार के साथ खेल जगत को भी स्तब्ध कर दिया।
विज्ञापन

7 of 10
Chirag Tyagi Murder - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विश्वासघाती निकला यश
परिजनों का कहना है कि चिराग हमेशा यश की मदद करता था। दोनों अच्छे दोस्त थे। चिराग यश की हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखता था। चिराग के चचेरे भाई अंकुर त्यागी ने बताया कि डेढ़ वर्ष से अधिक समय तक यश चिराग के संपर्क में रहा। यश का घर में आना-जाना था और जरूरत पड़ने पर चिराग ने उसे अपना एटीएम कार्ड तक दे दिया था। परिवार का कहना है कि जिस व्यक्ति पर चिराग ने सबसे ज्यादा भरोसा किया, उसी ने उसके साथ सबसे बड़ा विश्वासघात किया।

8 of 10
Chirag Tyagi Murder - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
15 दिन पहले ली पिस्टल
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल पिस्टल यश ने करीब 15 दिन पहले 50 हजार रुपये में खरीदी थी। आशंका है कि वारदात के बाद उसने हथियार वापस कर दिया। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि चिराग के चाचा राजेश त्यागी की तहरीर पर बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। हत्या में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

 

9 of 10
Chirag Tyagi Murder - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तिरंगे में लपेटकर दी गई अंतिम विदाई
ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर सम्मान दिया। कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक ने तत्काल पांच लाख रुपये की सहायता व शासन स्तर पर अतिरिक्त आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। अंतिम संस्कार में जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त व कई खिलाड़ी भी मौजूद रहे।

 
विज्ञापन

10 of 10
Chirag Tyagi Murder - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गम में डूबा गांव, बेसुध हुए माता-पिता
चिराग की अंतिम यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा। बेटे को अंतिम विदाई देते समय पिता मनोज त्यागी और मां निशा त्यागी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के विलाप और गांव के माहौल ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। ग्रामीणों का कहना था कि चिराग गांव, जिले और देश की उम्मीद था। उसकी असमय मौत ने इलाके को शोक में डुबो दिया है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें