फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुलंदशहर हादसा: पीएसी जवान के सिर पर सजना था सेहरा, लेकिन ‘रूठ गई जिंदगी’ और मौत ने मार दिया झपट्टा

Wed, 03 Feb 2021 11:29 AM IST
शाहरुख खान विकास वत्स, अमर उजाला, बुलंदशहर
विज्ञापन
1 of 6
प्रवीण कर्दम की फाइल फोटो और पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
अभी तो वर्दी पहन कर इतराना आया था, ड्यूटी निभाना आया था। परिजन उनके सिर पर सेहरा सजाने का ख्वाब संजो रहे थे। लेकिन, इससे पहले ही दोनों जवानों की जिंदगी उनसे रूठ गई। मंगलवार तड़के हुए हादसे में दोनों जवानों की मौत ने उनके परिजनों की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में जान गंवाने वाले पीएसी जवान प्रवीण के परिजनों ने बताया कि चार महीने बाद प्रवीण की शादी होने वाली थी।   
विज्ञापन

2 of 6
प्रवीण कर्दम की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
पीएसी के दोनों जवानों की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। रोते-बिलखते परिजन जब जिला अस्पताल में मोर्चरी के बाहर पहुंचे तो उनके करुण रुदन ने मौजूद अफसरों और लोगों की आंखें भी नम कर दीं। परिजन रोते बिलखते हुए बार बार बेहोश होकर गिर रहे थे। जिन्हें कभी पुलिस के जवान तो कभी साथ आए रिश्तेदार हौसला देने की कोशिश करते नजर आए। पोस्टमार्टम के बाद प्रवीण के शव को जैसे ही पुलिस वैन में रखा गया तो उसके परिजन चीखते हुए गाड़ी में घुस गए। 
 
विज्ञापन

3 of 6
जवानों को श्रद्धांजलि - फोटो : अमर उजाला
कफन में लिपटे प्रवीण को देख दहाड़े मार-मारकर परिजन बिलखने लगे। रोती बहन काजल बोली कि भइया को ठीक करने के बजाए चीरफाड़ कर सौंप दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें गाड़ी से उतारा। वहीं दूसरे जवान प्रवीन के पिता रणजीत कुमार का भी रो-रोकर बुरा हाल था। वह प्राइवेट कंपनी की नौकरी से रिटायर हो चुके हैं। रणजीत पहले तो खूब रोए लेकिन बेटे के शव को देखने के बाद शांत हो गए और रोए नहीं।
 

4 of 6
जवानों को श्रद्धांजलि - फोटो : अमर उजाला
पूर्व में प्रवीन के भाई की कैंसर से हुई थी मौत
जनपद गाजियाबाद के थाना मसूरी के मोहल्ला अंबेडकर नगर कॉलोनी निवासी प्रवीन कुमार अपने माता-पिता के चौथे नंबर के पुत्र थे। रणजीत सिंह के पांच बेटे व एक बेटी है। प्रवीन के बड़े भाई त्रिवेंद्र सिंह की गत वर्ष कैंसर से मौत हो गई थी। परिजन अभी उनकी मौत के सदमे से उबरे भी नहीं थे कि दूसरा बेटा भी जिंदगी की जंग हार गया। बताया गया कि वर्ष दिसंबर 2019 में ही प्रवीन की नौकरी लगी थी। 
 
विज्ञापन

5 of 6
परिजनों से बात करते हुए पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ने भी लिया घटना का संज्ञान 
मंगलवार तड़के सिकंदराबाद क्षेत्र में हुए हादसे की खबर सुबह होते होते मुख्यमंत्री तक भी पहुंच गई। मामले की जानकारी होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदना व्यक्त करते हुए अफसरों को मौके पर जाने और हरसंभव मदद दिलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के संज्ञान लेते ही जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, एसएसपी संतोष कुमार सिंह, पीएसी मुरादाबाद के आईजी अमित चंद्रा, पीएसी 38वीं वाहिनी अलीगढ़ के कमांडेंट अनीस अहमद अंसारी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का जायजा लेने के बाद सभी अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इसके बाद कमांडेंट शवों के साथ मृत जवानों के आवास तक भी गए और परिजनों को ढांढस बंधाया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
जानकारी करते हुए पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
आपको बता दें कि बुलंदशहर के सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र जोखाबाद चौकी क्षेत्र में मंगलवार तड़के नेशनल हाईवे 91 पर बने चार नंबर कट पर तेज रफ्तार ट्रक ने डंपर में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर हाईवे पर सड़क किनारे लगे पीएसी के टेंट में जा घुसा। हादसे में ड्यूटी पर तैनात गाजियाबाद निवासी पीएसी के दो जवान प्रवीन (25) और प्रवीण (24) की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, दो अन्य जवान और ट्रक चालक घायल हो गए। शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन में सलामी दी गई और फिर दोनों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद पीएसी के छह जवान और तीन पुलिसकर्मी जगे हुए थे जिन्होंने भाग कर जान बचाई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें