दिल्ली के इंद्रपुरी के टोडापुर इलाके में मंगलवार सुबह दिल्ली परिवहन निगम की एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और एक साइन बोर्ड वाले खंभे से टकराकर रुक गई। हादसे में बस में सवार एक यात्री, बस चालक और कंडक्टर घायल हो गए। जबकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें लगीं। घायलों को पास के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती पूछताछ के दौरान चालक ने ब्रेक फेल होने को हादसे का कारण बताया है। पुलिस बस की तकनीकी जांच कर मामले की छानबीन कर रही है। घायल यात्री की पहचान खान मार्केट निवासी हरीश (50) के रूप में हुई है।