शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतकों में एक महिला व उसके चार मासूम बच्चे शामिल हैं। मृतकों की शिनाख्त राधा (32), बच्चे कोमल (11), नितिन (8), रोशनी (6) और छोटा बेटा आरव (4) के रूप में हुई है। दोपहर के समय मकान मालिक व पड़ोसी चौथी मंजिल स्थित इनके कमरे पर पहुंचे तो वारदात की जानकारी हुई।
हादसे के बाद राधा का पति मोहित अपने छोटे बेटे को अस्पताल ले गया था, जहां उसे भी मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस को कमरे में जली हुई एक अंगीठी मिली है, इसके अलावा वहां हवा आने-जाने का कोई रास्ता भी नहीं था। पुलिस ने आशंका जताई है कि अंगीठी के धुंए में दम घुटने से राधा व उसके बच्चों की मौत हुई।