Delhi Building Collapse: उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में शनिवार सुबहर एक चार मंजिला इमारत धराशाई हो गई। मलबे में दबने से छह लोगों की मौत हो गई है। टीम के महज 4 फीट की गली में रेस्क्यू में पसीने छूट गए। ह्यूमन चेन बनाकर मलबा हटाया गया। थोड़ा से मलबा हटाते ही पड़ोसियों की दीवार सरकने लगी।
वेलकम इलाके की जनता कालोनी में जिस जगह इमारत गिरी वहां राहत और बचाव कार्य करने में रेस्क्यू टीम के पसीने छूट गए। दरअसल हादसा महज चार फीट चौड़ी गली में हुआ था। यहां कोई भी मशीन पहुंचना लगभग असंभव था। ऐसे में बचाव दल को ह्यूमन चेन बनाकर मलबा हटना पड़ा।
विज्ञापन
2 of 12
दिल्ली में चार मंजिला इमारत गिरी
- फोटो : जी पाल
इसके अलावा इमारत गिरने की वजह से आसपास के मकान इतना जर्जर हो चुके थे कि थोड़ा सा मलबा हटाते ही पड़ोसियों की दीवार हिल रही थीं। ऐसे में बहुत सावधानी से मलबा हटाया जा रहा था। पुलिस व बचाव दल ने सबसे पहले आसपास के आठ मकानों को खाली करवा लिया। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा मलबा हटाया गया।
विज्ञापन
3 of 12
दिल्ली में चार मंजिला इमारत गिरी
- फोटो : जी पाल
शुरुआत में दो शव पौने 11 बजे निकाल लिए गए थे। मलबे में जूबिया, उसकी बेटी फौजिया, जावेद और अब्दुल्लाह के शव भी मौजूद थे। हादसे के समय वह पहली मंजिल पर थे। एनडीआरएफ की टीम ने अपनी आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल कर शवों की लोकेशन का पता किया। शव दो मंजिल के मलबे के नीचे दबे हुए थे।
4 of 12
इमरजेंसी के बाहर परिजन
- फोटो : भूपिंदर सिंह
कई घंटों की मशक्कत के बाद धीरे-धीरे मलबा हटाया गया। इसके बाद लगभग आसपास से ही चारों शवों को बरामद कर लिया गया। बाद में एंबुलेंस की मदद से शवों को निकालकर जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेजा दिया गया। परिजनों का कहना था कि मलबे में अब किसी के दबे होने की आशंका नहीं है।
विज्ञापन
5 of 12
दिल्ली में इमारत गिरी
- फोटो : विवेक निगम
शाहदरा एसडीएम कपन झा ने बताया कि मलबा हटाने उठाकर छोटे ट्रैक्टर की मदद से बाहर लाकर चौक पर उसका ढेर लगाया जा रहा है। बाद में इनको बड़े ट्रकों की मदद से हटा दिया जाएगा।
विज्ञापन
6 of 12
दिल्ली में इमारत गिरी
- फोटो : विवेक निगम
कपन झा ने बताया कि घटना स्थल पर गली संकरा होने के अलावा अंधेरा भी था। वहां मकानों के छज्जे आपस में मिले हुए हैं। इसके अलावा तारों का जाल भी बुरी तरह फैला हुआ है। लगातार मलबा हटाने पर भी 24 घंटे से ज्यादा समय लगने की उम्मीद है।
विज्ञापन
7 of 12
Delhi Building Collapse
- फोटो : अमर उजाला
ऐसे हुआ दिल्ली के वेलकम में हादसा
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम स्थित जनता कालोनी में शनिवार सुबह एक चार मंजिला इमारत भरभराकर जमींदोज हो गई। हादसे में इमारत के मुखिया और उनकी पत्नी समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई जबकि पड़ोसियों समेत कुल आठ लोग जख्मी हो गए। दुर्घटना के समय बिल्डिंग में करीब 10 लोग मौजूद थे। सुबह इमारत गिरने की आवाज सुनते ही पड़ोसी मदद को भागे। हादसे वाली बिल्डिंग से तुरंत ही एक मासूम समेत चार लोगों और पड़ोस के एक अन्य मकान से चार और लोगों को निकालकर निजी वाहनों से जब प्रवेश चंद्र अस्पताल भेजा गया। बाद में मासूम समेत चार घायलों को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
8 of 12
इलाके की हुई घेराबंदी
- फोटो : अमर उजाला
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल विभाग, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन, नगर निगम समेत अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गया। जिस जगह इमारत गिरी वह गली महज चार फीट चौड़ी बताई जा रही है। ऐसे में वहां पर राहत और बचाव कार्य करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ह्यूमन चेन बनाकर मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर मकान गिरने से पड़ोस के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मलबा हटाने के दौरान उनके भी गिरने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में बेहद सावधानी से मलबा हटाया जा रहा है। हादसे वाली जगह पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल रहा। रेस्क्यू के काम को देखते हुए पुलिस ने पूरे एरिया की घेराबंदी की हुई है। हादसे की खबर मिलने के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और आप के पूर्व मंत्री गोपाल राय हालात का जायजा लेने पहुंचे।
9 of 12
पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7.04 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि ए-ब्लॉक, गली नंबर-5, जनता कालोनी वेलकम में एक चार मंजिला इमारत गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा बाकी बचाव दल व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। यहां करीब 35 गज, एल-शेप की चार मंजिला इमारत गिरी थी।
10 of 12
परिजन
- फोटो : अमर उजाला
इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आंगनबाड़ी केंद्र चलाया जाता था जबकि ऊपर की मंजिल पर अब्दुल मतलूब, उनकी पत्नी राबिया परवीन, उनके चार बेटे परवेज उर्फ शानू, जावेद, नावेद, अब्दुल्लाह उर्फ भूरा, शानू की पत्नी शीजा, दो साल का बेटा अहमद और मतलूब की शादीशुदा बेटी जूबिया उर्फ सोनी अपनी दो साल की बेटी फौजिया उर्फ फौजी के साथ रहते थे।
11 of 12
दिल्ली में इमारत गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
हादसे के समय इमारत की अलग-अलग फ्लोर पर करीब 10 लोग मौजूद थे। इमारत गिरी तो ऊपरी मंजिल पर मौजूद परवेज उर्फ शानू, उसकी पत्नी शीजा, बेटे अहमद और नावेद को तुरंत ही मलबे से निकाल लिया गया। इमारत गिरने से पड़ोसी के मकान पर मलबा गिरा तो वहां गोविंद, उसकी पत्नी दीपा, बेटी ज्योति और दामाद रवि कश्यप भी जख्मी हो गए।
फिलहाल देर शाम तक राहत और बचाव कार्य जारी थी। रेस्क्यू टीमों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए एरिया में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बचाव दल देर से पहुंचा और वह मौके पर बेहद धीमी गति से काम कर रहा है।