रोहित शेखर के घर पर तलाशी के लिए पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अब इस मामले की जांच अपराध शाखा करेगी। केस दर्ज होने के तत्काल बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने डिफेंस कॉलोनी स्थित रोहित के घर सी-329 में घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम (सीएफएसएल) ने घटनास्थल से कुछ सैंपल और फिंगर प्रिंट भी जुटाए हैं। दक्षिणी जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर विशेषज्ञों से राय लेने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार रोहित की मौत तकिये से मुंह दबाकर की गई है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि इस मामले में अगले कुछ दिनों में बड़ा खुलासा हो सकता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रोहित शेखर की मौत को ‘अस्वाभाविक’ बताया गया है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है और जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है। -अनिल मित्तल, दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी