टिहरी में शुक्रवार की सुबह तीन भाई-बहनों के लिए काल बनकर आई। गंगोत्री हाईवे का विशाल पुश्ता बारिश के कारण एक घर के ऊपर गिर गया। आज तड़के चार बजे ऋषिकेश गंगोत्री हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां हाईवे के नीचे बने एक घर के ऊपर पुश्ता गिर गया। पुश्ता गिरने से घर क्षतिग्रस्त हो गया। यह हादसा टिहरी जिले के नरेंद्र नगर ब्लॉक के खेड़ागाड़ गांव में हुआ है। मलबे में एक ही परिवार के तीन सदस्य दब गए। बताया गया कि मलबे में दबने वालों में एक भाई और दो बहनें शामिल हैं। एसडीआरएफ की टीम स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव कार्य कर रही है। एक युवती का शव निकाला जा चुका है। दो अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।