प्रदेशभर में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। राज्य के सभी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों के तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। राजधानी देहरादून में हल्की बूंदाबांदी ने ठिठुरन बढ़ा दी है। बुधवार को बारिश के बाद तापमान में और गिरावट की संभावना है।
मंगलवार को केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब सहित पिथौरागढ़ की ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी हुई। जिससे प्रदेशभर में पारा लुढ़क गया और ठिठुरन बढ़ गई। पूरे दिन मौसम का मिजाज बदला रहा। प्रदेश में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
जबकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। देहरादून में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान में एक डिग्री और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।