उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गबर सिंह ने फुवाण गांव के लोगों की पहाड़ सी समस्या को अकेले हल कर दिया है। इसमें उन्हें डेढ़ माह का समय लगा। जिस तरह बिहार के दशरथ मांझी अपने गांव गहलौर तक सड़क पहुंचाने के लिए पहाड़ को काट डाला था। गबर ने भी यही कर दिखाया है। उन्होंने भी अकेले के दम पर जेसीबी से दो किलोमीटर पहाड़ को काटकर गांव तक सड़क पहुंचा दी है और गांव वालों के लिए फरिश्ता बन गए हैं। इससे पहले लोगों को गांव तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर की पैदल चढ़ाई चढ़नी पड़ती थी। गांव में गुरुवार को पहला वाहन पहुंचा तो ग्रामीण खुशी से झूम उठे। उन्होंने गबर सिंह को फूल-मालाओं से लाद दिया और कंधों पर उठा लिया। गांव में समारोह आयोजित कर गबर सिंह को सम्मानित भी किया गया। गांव वालों का कहना है कि राज्य गठन के बाद क्षेत्र को चार विधायक मिले हैं, लेकिन किसी ने भी गांव के लोगों से किए वायदे को नहीं निभाया।