मुख्यमंत्री आवास अब कोविड केयर सेंटर नहीं बनेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी न्यू कैंट रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में रहेंगे। गुरुवार को उन्होंने पूजा अर्चना के साथ मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय का शुभारंभ किया और कार्यालय से कुछ फाइलें भी निपटाई। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कोविड 19 महामारी की तीसरी लहर को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास को कोविड सेंटर बनाने की घोषणा की थी। गुरुवार को मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार धामी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने कैंप कार्यालय में कामकाज शुरू करने से पहले पूजा पाठ किया। इस दौरान वहां एक हवन हुआ। पूजा अर्चना के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, गणेश जोशी, डॉ. धनसिंह रावत, रेखा आर्या, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास भी शामिल हुए। इसके बाद धामी ने कैंप कार्यालय से शासकीय कामकाज की शुरुआत की। मुख्यमंत्री बनने के बाद तीरथ सिंह रावत ने न्यू कैंट रोड स्थित आवास में नहीं रहे थे।