फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे पर दरकी पहाड़ी, रास्ता बंद होने से भूखे-प्यासे फंसे रहे हजारों लोग, तस्वीरें...

Thu, 04 Mar 2021 12:12 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
1 of 6
पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे पर दरकी पहाड़ी - फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड में पिथौरागढ़-घाट बारहमासी सड़क पर चुपकोट बैंड के पास मंगलवार देर रात करीब एक बजे भारी भूस्खलन होने से पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया था। इससे बुधवार को हजारों यात्री भूखे प्यासे ही रास्ते में ही फंसे रहे। उन्हें तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मार्ग पर कल दोपहर तक आवाजाही सुचारू होने की संभावना है।

पहाड़ी दरकने से बंद रास्ते पर बुधवार को वाहनों का संचालन नहीं हो सका। पिथौरागढ़ से जाने वाले वाहनों की गुरना की ओर लंबी कतार लग गई जबकि टनकपुर और हल्द्वानी रूटों से आ रहे वाहन घाट की ओर फंसे रहे। लंबी दूरी पर जाने वाले सैकड़ों वाहनों में सवार हजारों यात्री मार्ग पर फंसे रहे। एनएच के बंद होने से नगर में रसोई गैस, दूध, सब्जी, ईंधन और अखबार की गाड़ियां भी पिथौरागढ़ नहीं पहुंच पाईं।

सड़क बंद होने के कारण अधिकांश यात्री जंगल के रास्ते दूसरी तरफ पहुंचे और वहां से वाहन बदलकर पिथौरागढ़ पहुंचे। इसी तरह मैदानी क्षेत्रों को जा रहे यात्री भी पैदल चलकर दूसरी ओर गए और वहां से अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना हुए। कई यात्री चुपकोट बैंड से पैदल आए।

एनएच के ईई एलडी मथेला का कहना है कि पहाड़ी दरकने से सड़क पर काफी मलबा आ गया है, जिसे साफ करने में लंबा समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे तक सड़क खुलने की उम्मीद है। 
विज्ञापन

2 of 6
पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे पर दरकी पहाड़ी - फोटो : अमर उजाला
एनएच के बंद होने से चुपकोट बैंड के समीप के होटल-ढाबों में भोजन और पानी खत्म हो गया। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग भूखे प्यासे रहकर एनएच खुलने का इंतजार करते रहे।  वहीं, एनएच के बंद होने के बाद शासन-प्रशासन का एक भी नुमाइंदा, पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद नहीं रहा। इसके चलते मौके पर अव्यवस्थाएं रहीं। जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के न होने से लोगों को काफी दिक्कतें हुई। 
विज्ञापन

3 of 6
पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे पर रास्ता बंद होने से फंसे लोग - फोटो : अमर उजाला
एनएच के बंद होने के बाद वाहन पलटी कर पिथौरागढ़ आने वाले यात्रियों से टैक्सी चालकों ने मनमाना किराया लिया। मनमाना किराया लेने पर टैक्सी चालकों और यात्रियों के बीच बहस भी हुई। अगर पुलिस तैनात हो जाती तो यात्रियों को मनमाने किराए से राहत मिलती। गंगोलीहाट से आए यात्री दीवान सिंह ने कहा चुपकोट बैंक से पिथौरागढ़ के 100 रुपये टिकट लिए गए। इसका विरोध करने पर यात्रियों के साथ अभद्रता भी की गई। 

4 of 6
पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे पर रास्ता बंद होने से फंसे लोग - फोटो : अमर उजाला
चुपकोट बैंड के पास एनएच को खोलने में कार्यदायी संस्थाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एनएच पर आए मलबे को टिप्परों के माध्यम से डंपिंग जोन में डाला जा रहा है, जिस स्थान पर मलबा आया है। उसी स्थान पर नीचे से एनएच होकर गुजरा है। गाड़ियों पर पत्थर न गिर जाए इसलिए एनएच प्रबंधन सावधानी से काम करा रहा है।
विज्ञापन

5 of 6
पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे पर रास्ता बंद होने से फंसे लोग - फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ की लाइफ लाइन कही जाने वाली पिथौरागढ़-घाट सड़क के बंद होने से यात्रियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मैदानी क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों के साथ ही गंगोलीहाट से जिला मुख्यालय आ रहे लोग भी काफी परेशान रहे। लोगों ने घंटों तक सड़क खुलने की उम्मीद में इंतजार किया। बाद में सड़क के दूसरे दिन तक खुल पाने की जानकारी के बाद अधिकांश लोग थल-बेड़ीनाग-सेराघाट रूट से गंतव्य को गए। बृहस्पतिवार सुबह वाहनों की आवाजाही थल रूट से होगी। इससे लगभग 100 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी नापनी पड़ेगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
पिथौरागढ़-घाट नेशनल हाईवे पर रास्ता बंद होने से फंसे लोग - फोटो : अमर उजाला
सड़क खोलने के लिए तीन पोकलैंड, दो जेसीबी और आठ टिप्पर लगाए गए हैं। मलबा ज्यादा है। मलबा निस्तारण के लिए कोई सुविधा नहीं है, जिस कारण सड़क खोलने में दिक्कतें हो रही है। बृहस्पतिवार को 12 बजे तक सड़क खोल दी जाएगी। 
एलडी मथेला, ईई एनएच निर्माण खंड लोहाघाट। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें