उत्तराखंड में मोदी लहर पर सवार भाजपा ने नए चुनावी कीर्तिमान गढ़ने के साथ कई मिथक तोड़ दिए। लोकसभा चुनाव में भाजपा पहली पार्टी बन गई है, जिसके खाते में 60 प्रतिशत से अधिक मत आए। भगवा ब्रिगेड यह मिथक तोड़ने में भी कामयाब रही कि प्रदेश में जिस पार्टी की सरकार रही है, उसे लोकसभा चुनाव में हार देखनी पड़ती है। नतीजे स्पष्ट कर रहे हैं कि सैन्य बहुल प्रदेश में जनता मोदी सरकार के राष्ट्रवाद के मुद्दे पर सवार रही। उधर, कांग्रेस के सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम (अफस्पा) हटाने और राफेल समेत घोषणा पत्र के तमाम वायदे जन भावनाओं के विपरीत रहे। इसी का नतीजा है कि कांग्रेस के प्रदेश में सबसे बड़े चेहरे हरीश रावत की प्रदेश में सबसे बड़ी हार हुई, जबकि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी लाज नहीं बचा पाए।