उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों के आने के बाद शुक्रवार को विजयी प्रत्याशी मंदिरों में मत्था टेकने पहुंचे। दिनभर विजेता प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। कोटद्वार विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विधायक ऋतु खंडूड़ी की जीत से उत्साहित भाजपाईयों ने शहर से लेकर भाबर तक विजय जुलूस निकाल जीत का जश्न मनाया।
ढोल नगाड़ों पर थिरके भाजपाइयों ने भगवा गुलाल उड़ाया। नवनिर्वाचित विधायक ऋतु खंडूड़ी ने नगर में व्यापारियों व लोगों से संपर्क कर उनका आभार जताया। मालवीय उद्यान में कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित विधायक ऋतु खंडूड़ी का फूलमालाओं व होली मनाकर स्वागत किया।
श्रीनगर विधानसभा सीट चुनाव जीतने के बाद उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत शुक्रवार को सेम नागराजा भगवान के दर्शन करने लंबगांव पहुंचे। नागराजा के पश्वा विश्वेश्वर प्रसाद सेमवाल के घर के पास स्थित नागराजा भगवान मंदिर में उन्होंने एक घंटे तक पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
ये भी पढ़ें...हरीश रावत का राजनीतिक भविष्य: हार की जिम्मेदारी स्वीकार कर बोले भावुक हरदा, समय आ गया है कि मैं अब ...
उधर, टिहरी के नवनिर्वाचित विधायक किशोर उपाध्याय ने राज राजेश्वरी मंदिर जलेड पहुंचकर आशीर्वाद लिया। नई टिहरी, बादशाहीथौल, रानीचौरी मेें जनसंपर्क कर मतदाताओं का आभार जताया। शुक्रवार को विधायक उपाध्याय मां राज राजेश्वरी का आशीर्वाद लेने जलेड पहुंचे।