वीकेंड पर पहाड़ों की रानी मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था धड़ाम हो गई। जाम को खुलवाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को जमकर पसीना बहाना पड़ा, फिर भी जाम से पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी जूझना पड़ा। शहर के गांधी चौक और भगत सिंह चौक पर थोड़ी-थोड़ी देर में वाहनों की लंबी कतारें लगती रहीं। वहीं, पर्यटकों की आमद देख पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे।
मसूरी, कैंपटी फाल और धनोल्टी में वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने पहुंचे, जिससे 80 फीसदी से ज्यादा होटल फुल हो गए। इसके बाद भी लगातार पर्यटक पहुंच रहे हैं। शहर में सुबह से शाम तक बार-बार ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रही। शहर कोतवाल गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि इस वीकेंड पर सैलानियों की अधिक भीड़ शहर पहुंची है।
जाम को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स संग पीएसी के जवान भी तैनात किए गए हैं। कहा कि हरिद्वार, देहरादून समेत अन्य शहरों से मसूरी और कैंपटी आने वाली बसों को किंग्रेग में नहीं रोका जाएगा, लेकिन बसों को वापस कैंपटी से विकासनगर से जाना पड़ेगा।