प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेना और भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के कर्मियों के साथ दीपावली मनाने के लिए बुधवार को उत्तराखंड में, भारत-चीन सीमा के पास स्थित हर्षिल पहुंचे। उनके साथ आर्मी चीफ बिपिन रावत और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी मौजूद रहे। इस मौके पर जवानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दूर-दराज के इलाकों में बर्फीले पहाड़ों पर ड्यूटी करने की उनकी लगन राष्ट्र की ताकत को और मजबूत बनाती है और 125 करोड़ भारतीयों के सपने एवं भविष्य को सुरक्षित करती है।