छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम व नशे से बचने के मकसद से अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। शनिवार को गढ़ी कैंट स्थित सेवन ऑक्स स्कूल में आयोजित पाठशाला में एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने चार बिंदुओं के माध्यम से छात्रों को कानून का पाठ पढ़ाया। साथ ही साइबर ठगी और नशे से बचने के लिए सावधानी व सतर्कता के उपाय बताए।
छात्रों को संबोधित करते हुए एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने चार बिंदु, ट्रैफिक, साइबर, कानून व्यवस्था और जागरूकता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा, किशोरावस्था में नौजवान युवक शौकिया तौर पर नशा करना शुरू करते हैं लेकिन धीरे-धीरे उन्हें इसकी लत पड़ जाती है।
ऐसे में इस लत से बचने के लिए हमें बुरी आदतों को पहले दिन से ही न कहना होगा। उन्होंने कहा, वर्तमान दौर में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती साइबर क्राइम और युवाओं में बढ़ता नशा है। इससे बचने के लिए हमें जागरूक होने के साथ अपने आसपास के लोगों व परिवार वालों को इसके दुष्प्रभाव के बारे में बताना होगा। अगर आपके साथ अगर कोई भी फ्रॉड होता है तो तुरंत उसकी जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देकर शिकायत दर्ज करें।