अंजलि के शव को देखकर परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। हत्या के 24 दिन बाद बरामद अंजलि का शव बुरी तरह सड़-गल चुका था। उसके शरीर को कीड़ों ने खाकर कई जगह खराब कर दिया था। उसका शव एकदम घने जंगल में मिला है। वहां आमतौर पर किसी व्यक्ति का आना-जाना नहीं होता है। इसी कारण हत्या के 24 दिन तक किसी ने शव को नहीं देखा।
शादी का दबाव बनाने पर पिकअप चालक प्रेमी ने हेल्पर साथी की मदद से नैनीताल जिले में मोटाहल्दू के ग्राम खड़कपुर निवासी अंजलि की गला रेतकर हत्या कर दी। गुमशुदगी के 24 दिन बाद पुलिस ने प्रेमी की निशानदेही पर उसका शव शक्तिफार्म रोड पर जंगल से बरामद किया। आरोपी ने तीन अगस्त को ही उसकी हत्या कर दी थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी बरामद कर ली है।
लालकुआं थाना क्षेत्र के ग्राम खड़कपुर मोटाहल्दू निवासी खीमराम की 18 वर्षीय पुत्री अंजलि किच्छा के डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेना चाहती थी। इसके लिए वह तीन अगस्त को अपने घर से निकली थी लेकिन तब से वह घर नहीं लौटी। अंजलि के परिजनों ने लालकुआं थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। अंजलि के न मिलने पर पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली तो अंतिम बार मोबाइल फोन पर उसकी बात ग्राम बरा निवासी यामीन अहमद से होने का पता चला।