फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिवंगत मंत्री प्रकाश पंत के अंतिम दर्शन को पहुंचे राजनाथ, उमड़ी भारी भीड़, आंखें नम, रूंधे गले

Sun, 09 Jun 2019 10:08 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
1 of 9
- फोटो : अमर उजाला
डोईवाला में दिवंगत कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के अंतिम दर्शन को लोग उमड़ पड़े। उनका शव एसडीआरएफ परिसर, जौलीग्रांट में करीब सवा घंटे रखा गया था। इस दौरान हर किसी की आंख नम थी। लोग रूंधे गले से पंत की यादों को अपनी बातों में जिंदा कर रहे थे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में मंत्री नेता, अफसर और आम जन पंत के अंतिम दर्शन को पहुंचे थे। पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ इस दौरान दो मिनट का मौन भी रखा गया।
 
विज्ञापन

2 of 9
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार की सुबह दिवंगत कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत का पार्थिव शरीर सुबह दस बजे से पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंच गया था। इससे पहले सुबह सात बजे एसडीआरएफ परिसर में अंतिम दर्शन के लिए समय निर्धारित किया गया था। पंत के अंतिम दर्शन के लिए करीब सवा घंटे तक पार्थिव शरीर को रखा गया। धूप की परवाह किए बगैर लोग सुबह से ही एसडीआरएफ परिसर पहुंच रहे थे। सरकार और भाजपा संगठन के लोगों के अलावा दूसरे राजनीतिक दल, जनप्रतिनिधि या राज्य सरकार के अफसर हर चेहरे पर गम पसरा था। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत एक ओर चुप्पी साधे काफी देर तक बैठे रहे।


विज्ञापन

3 of 9
- फोटो : अमर उजाला
प्रोटोकॉल मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने खुद व्यवस्था बनाने का जिम्मा उठाया। हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून समेत कई जिलों के कार्यकर्ता पहुंच गए थे। हर कोई पंत से अपने अच्छे संबधों की बात कह रहा था। अंतिम दर्शन कार्यक्रम के दौरान सबसे पहलेे आम लोगों और कार्यकर्ताओं को पुष्प चढ़ाने के लिए भेजा गया। कतारबद्ध लोग पुष्पांजलि अर्पित करते रहे। मुख्यमंत्री अपने सभी मंत्रियों और सरकारी अफसरों के साथ एक ओर रहे। सबसे आखिरी में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुष्पचक्र अर्पित किया। मुख्यमंत्री अपने सहयोगी पंत को कंधा लगाने के लिए सबसे आगे चले। वह उसी वाहन में खड़े होकर एयरपोर्ट तक गए। 
 

4 of 9
- फोटो : अमर उजाला
राज्य विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, डॉ. हरक सिंह रावत, अरविन्द पांडे, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, सांसद तीरथ सिंह रावत, देहरादून मेयर सुनील उनियाल गामा, सीएम के विशेष कार्याधिकारी धीरेन्द्र सिंह पंवार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश, विधायक मुन्ना चौहान, महेंद्र भट्ट, हरबंस कपूर, संजय गुप्ता, विनोद चमोली पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, भाजपा के सह संगठनमंत्री शिवप्रकाश, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, डीजीपी अनिल रतूडी, देहरादून जिलाधिकारी एस मुरूगेशन आदि।
 
विज्ञापन

5 of 9
- फोटो : अमर उजाला
कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत का पार्थिव शरीर जौलीग्रांट हवाई अड्डे से नैनीसैनी एयरपोर्ट लाया गया। उनकी पार्थिव देह को देव सिंह मैदान में 50 मिनट के लिए अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। यहां हजारों लोगों ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल और अन्य नेता पार्थिव शरीर के साथ ही देवसिंह मैदान पहुंचे। दोपहर 1.55 तक उनका पार्थिव शरीर जनता के दर्शन के लिए खेल मैदान में रखा गया। अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए मैदान में 10 हजार से अधिक लोग मौजूद थे। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव खड़कोट ले जाया गया। पार्थिव शरीर के आवास में पहुंचते ही परिजन बिलखने लगे। इसके बाद उनकी शव यात्रा रामेश्वर घाट के लिए रवाना हुई।
 
विज्ञापन

6 of 9
- फोटो : अमर उजाला
देव सिंह मैदान में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, सांसद अजय टम्टा, सांसद तीरथ सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, सह प्रभारी शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं नैनीताल सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धन सिंह रावत, पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक विशन सिंह चुफाल, विधायक महेश नेगी, विधायक पूरन फर्त्याल, समेत तमाम पार्टी नेताओं, कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने पुष्पचक्र अर्पित कर स्वर्गीय पंत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
 
विज्ञापन

7 of 9
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वित्त मंत्री प्रकाश पंत के आवास पर पहुंचकर उनके पिता मोहन चंद्र पंत, माता कमला पंत, पत्नी चंद्रा पंत, भाई कैलाश पंत, भूपेश पंत और परिजनों को सांत्वना दी।अंतिम दर्शन के बाद वित्त मंत्री प्रकाश पंत का पार्थिव शरीर खड़कोट स्थित उनके पैतृक आवास लाया गया। पार्थिव शरीर के आवास में पहुंचते ही परिजन बिलखने लगे। वित्त मंत्री के पिता मोहन चंद्र पंत और माता कमला पंत अपने लाड़ले का शव देखकर फफक-फफककर रो पड़े। वित्त मंत्री की पत्नी और बच्चों को परिजनों ने बमुश्किल संभाला। अंतिम दर्शन के लिए पहुंची वित्त मंत्री के छोटे भाई भूपेश पंत की पत्नी बेहोश हो गईं। मौके पर उपस्थित चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उपचार किया।
 

8 of 9
- फोटो : अमर उजाला
वहां मौजूद सैकड़ों महिलाओं की आंखों में आंसू थे। आवास पर जरूरी रस्म निभाने के बाद  सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ उनकी अंतिम यात्रा रामेश्वर श्मशान घाट के लिए रवाना हुई। वित्त मंत्री प्रकाश पंत के अंतिम दर्शन के लिए उनके खड़कोट स्थित आवास में भी सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे थे। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही सैकड़ों लोग अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए गेट के भीतर घुसने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने बमुश्किल भीड़ को नियंत्रित किया। वित्त मंत्री की अंतिम यात्रा के दौरान गुरना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पांच सौ मीटर तक सड़क पर फूल बिछाए थे। 
 
विज्ञापन

9 of 9
- फोटो : अमर उजाला
वित्त मंत्री प्रकाश पंत के शोक में पिथौरागढ़ शहर का बाजार पूरे दिन बंद रहा। नगर के मेडिकल स्टोर भी बंद रहे। शिक्षण संस्थानों में भी अवकाश घोषित किया गया था। बाजार बंद होने से पूरे दिन सन्नाटा छाया रहा। इधर माह का दूसरा शनिवार होने से बैंक और सरकारी कार्यालय भी बंद रहे। शनिवार को वित्त मंत्री प्रकाश पंत की अंतिम विदाई में केंद्रीय मंत्रियों और राज्यपाल के पिथौरागढ़ आने से सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद थीं। सुरक्षा में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात किए गए थे। शहर की सड़कों पर यातायात बंद था। वाहनों के रूट भी डायवर्ट किए गए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें