हरिद्वार में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के शंकर आश्रम के पास दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने मोरा तारा ज्वैलर्स शोरूम में दो करोड़ की डकैती डाल दी। बदमाशों ने शोरूम मालिक, गार्ड और स्टाफ को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। बदमाश नकदी और जेवरात लेकर आसानी से फरार हो गए।
बदमाशों के दुस्साहस से हड़कंप मच गया। पुलिस, एसओजी और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीमें घटना स्थल पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज चेक करने के साथ साक्ष्य जुटाए। डकैती का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
यह भी पढ़ें... रुड़की: ईंट भट्ठे के मालिक की गोली मारकर हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के शंकर आश्रम के पास ज्वालापुर निवासी निपुण गुप्ता का मोरातारा नाम से आभूषणों का शोरूम है। बृहस्पतिवार दिन में करीब साढ़े तीन बजे शोरूम में दो बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे।
काउंटर पर बैठकर आभूषण देखने लगे। इसके तुरंत बाद ही तीन अन्य बदमाश शोरूम में घुस आए। शोरूम का गार्ड उदयवीर शर्मा तीनों बदमाशों को ग्राहक समझकर सैनिटाइजर देने लगा। इस बीच पीछे से एक और बदमाश शोरूम में घुस गया।