गोमुख में बने एक मुहाने से गंगा नदी की धारा निकलती थी, लेकिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में बीते कुछ साल से हो रही भारी बारिश व भूस्खलन ने गोमुख का स्वरूप ही बदल दिया है। वहीं हाल ही में गोमुख यात्रा से लौटे देहरादून निवासी ट्रैकर अंशुल बडोनी ने गोमुख में आ रहे बदलावों को लेकर नया खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि लगातार टूट रहे हिमखंडों के कारण गोमुख में अब दो नए मुख बन गए हैं, जिसके चलते गंगा की धारा अब तीन मुहानों से निकल रही है। ग्लेशियर में जमा मलबे के कारण गोमुख के सामने व पीछे की ओर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे गंगोत्री ग्लेशियर के भारी मात्रा में टूटने की आशंका बढ़ गई है।