यह महज इत्तेफाक ही था कि पति को खैरियत बताकर जिस वक्त शबाना ने वीडियो कॉल कट की, ठीक उसी वक्त हत्यारे ने उसकी जिंदगी की डोर काट दी। रईस को इस बात का बिल्कुल एहसास नहीं था कि आने वाले पल उसके लिए भारी गुजरेंगे। बेटी और बीबी की लाशें देखकर रईस फूट-फूट कर रोया जबकि बेटा शावेज सन्न रह गया। वे हत्यारे सलमान को फांसी पर लटके देखना चाहते हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बृहस्पतिवार को मोहल्ला अल्ली खां निवासी सलमान ने कार सीख कर लौट रही शीबा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। बाद में उसने शीबा की मां शबाना उर्फ ननिया को भी मार डाला। सूचना पर शीबा के पिता रईस सैफी और भाई शावेज देर रात करीब 11 बजे काशीपुर पहुंचे। मदरसे के अहाते में रखी लाशें देखकर रईस का सब्र जवाब दे गया। वे फूट-फूट कर रोए जबकि बेटा शावेज गुमसुम रहा। रात के दूसरे पहर करीब दो बजे दफीना हुआ।
रईस ने बताया कि भारतीय समय के मुताबिक उन्होंने सुबह करीब दस बजे बेटी शीबा को दुबई से कॉल लगाई लेकिन उसका फोन नहीं उठ पाया। इसके बाद उन्होंने अपनी बीबी शबाना से वीडियो कॉल पर बात की। उन्होंने बताया था कि किचन आदि का मोडिफिकेशन कराने के लिए रुपये भेज दिए हैं। नदीम को बुलाकर उसे रुपये दे देना और कल से काम शुरू करा देना।