देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बुधवार सुबह स्मार्ट सिटी की इलेक्ट्रिक बस में सफर कर शहर का जायजा लिया। इस सफर के दौरान जिलाधिकारी ने अपना और अपने साथ चलने वाले लोगों का टिकट भी खरीदा। उन्होंने बस में सीटें भर जाने के कारण अपनी सीट सवारियों के लिए छोड़ते हुए खड़े होकर सफर किया। जिलाधिकारी आईएसबीटी से बस में सवार हुए और सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक होते हुए तहसील चौक तक पहुंचे।
पहले जिलाधिकारी का राजपुर तक जाने का कार्यक्रम था, हालांकि बाद में वे तहसील चौक पर ही उतर गए। इस दौरान उन्होंने बस में सवारियों से बातचीत की और यात्रा के उनके अनुभवों को लेकर जानकारी मांगी। साथ ही अधिक सुधार एवं बेहतर व्यवस्थाएं बनाए जाने के लिए उनके सुझाव भी लिए। बस में सफर कर रहे यात्रियों ने उन्हें स्मार्ट सिटी लिमिटेड की बस सेवा को बेहतर बताया और जिले में अन्य रूट पर भी बस सेवाएं प्रांरभ करने का सुझाव दिया।
इस दौरान उन्होंने बस में सफर कर रहे यात्रियों के टिकट भुगतान के लिए मैन्यूअल व्यवस्था के साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन व्यवस्था बनाने, एनाउंसमेंट सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने साथ चल रहे स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस में सुनिश्चित किया जाए कि सभी यात्री मास्क लगाएं।