उत्तराखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। शनिवार को बदरीनाथ धाम में श्रद्धालु तड़के ही दर्शन के लिए पहुंचे। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम भी जयकारों से गूंज उठा। गुरुवार को उत्तराखंड हाईकोर्ट ने चारधाम यात्रा शुरू करने के आदेश जारी कर दिए थे। जिसके बाद शुक्रवार देर रात यात्रा के संबंध में एसओपी जारी की गई। पहली बार चारधाम यात्रा के दौरान चलने वाले हर यात्री वाहन पर एक क्यूआर कोड लगेगा। परिवहन विभाग ने यह शुरुआत की है। विभाग के अधिकारी जहां भी चेकिंग करेंगे, उन्हें सभी कागज दिखाने की जरूरत नहीं होगी। केवल क्यूआर कोड स्कैन होगा और अधिकारी उस वाहन को आगे बढ़ा देंगे। सभी तरह के यात्री वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी करने के लिए भौतिक रूप से वाहन का निरीक्षण अनिवार्य रहेगा जबकि ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड के लिए आवेदन ऑनलाइन होंगे। चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग, क्षेत्रीय संभागीय परिवहन कार्यालय, नगर निगम, टूर एंड ट्रेवल यूनियन, रोडवेज प्रबंधन, निजी बस, होटल एसोसिएशन आदि को निर्देशित कर दिया गया है।