चंपावत सीट पर हो रहे उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित चार प्रत्याशियों की तकदीर आज ईवीएम में लॉक हो जाएगी। मतदान सुबह सात से जारी है और शाम पांच बजे तक होगा। इस सीट पर सीएम धामी के अलावा कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी, सपा समर्थित मनोज कुमार भट्ट और निर्दलीय हिमांशु गड़कोटी चुनाव मैदान में हैं।
चंपावत के 96213 वोटर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 50171 पुरुष मतदाता और 46042 महिला वोटर शामिल हैं। मतदान के लिए 151 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। संवेदनशील केंद्रों के संख्या 32 है। उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे से पूर्व तक मतदेय स्थल पर पहुंचने वाले लोग वोट दे सकेंगे।
चुनाव कार्यालय के अनुसार चंपावत विधानसभा उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 33.96 फीसदी मतदान हुआ है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ था। मतदान के शुरुआती दो घंटे में 18 प्रतिशत वोट पड़े। बूथों पर मतदान के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।