कैंसर का अब सफल उपचार संभव है, इसलिए इसे छिपाने की बजाय चिकित्सक और अपने परिजनों को बताएं। इससे शुरुआत में ही उपचार कर कैंसर को जड़ से खत्म किया जा सकेगा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित कैंसर जागरूकता कार्यक्रम में यह बातें विशेषज्ञों को प्रतिभागी महिलाओं और छात्राओं को बताईं।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के सभागार में बृहस्पतिवार को महिलाओं के लिए कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और विभिन्न शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने स्तन और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के तौर-तरीके सीखे। साथ ही उनकी स्क्रीनिंग भी की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि मातृशक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सबसे अधिक सजग होना होगा। स्वस्थ नारी ही मजबूत परिवार, समाज, राज्य और राष्ट्र की नींव होती है। महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की कमी आज एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आ रही है।