आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। टी20 के इस महाकुंभ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दुनिया की इस सबसे बड़ी टी20 लीग में खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने का बेहतरीन मौका मिलता है। इस लीग में शानदार प्रदर्शन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में जगह भी दिलवाता है। रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, ग्लेन मैक्सवेल और शॉन मार्श, कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें आईपीएल ने फर्श से अर्श पर पहुंचाया।
इस लीग से कई सितारे उभरते हैं और इन्हीं सितारों में एक नाम ऐसा भी है, जिसने अपनी रफ्तार से दुनिया को हैरान तो किया, लेकिन पिछले कुछ समय से क्रिकेट की चकाचौंध से गायब है। हम बात कर रहे हैं मयंक यादव की। मयंक को आईपीएल में रफ्तार का सौदागर कहा गया। हालांकि, पिछले दो आईपीएल सत्र में वह सिर्फ छह मैच ही खेल सके हैं। उनका ज्यादातर समय बंगलूरू में बीसीसीआई के रिहैब सेंटर में ही बीता है। हालांकि, इस साल इस रफ्तार के सौदागर के पास अपनी छाप छोड़ने का अच्छा मौका है। दो साल चोट से ज्यादातर समय जूझने के बाद, मयंक अब आईपीएल में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।