फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Virat Kohli 100th Test: विराट से पहले 100 टेस्ट खेल चुके हैं ये 11 भारतीय, जानिए हर खिलाड़ी का कैसा रहा रिकॉर्ड

Fri, 04 Mar 2022 10:06 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

विराट से पहले पहले सचिन, द्रविड़ और सहवाग सहित 11 भारतीय खिलाड़ी 100 टेस्ट खेल चुके हैं। सबसे ज्यादा 200 टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड सचिन के नाम है। वहीं 164 टेस्ट खेलने वाले द्रविड़ इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं।
विज्ञापन
1 of 13
भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ी - फोटो : अमर उजाला
मोहली टेस्ट में भारत के लिए मैदान में उतरते ही विराट कोहली 100 टेस्ट मैच खेलने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी बन गए। कोच राहुल द्रविड़ ने खास टोपी देकर विराट का सम्मान किया। उनकी पत्नी अनुष्का भी सौवें मैच के समय मैदान पर मौजूद रहीं। विराट से पहले सचिन, द्रविड़ और सहवाग सहित 11 भारतीय खिलाड़ी यह कारनामा कर चुके हैं। हालांकि सबसे ज्यादा 200 टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड सिर्फ सचिन के ही नाम है। वहीं 164 टेस्ट खेलने वाले द्रविड़ इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं। भारत के लिए 100 से ज्यादा टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों में इशांत अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अब तक संन्यास का एलान नहीं किया है। 

यहां हम उन सभी 11 भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने 100 से ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं और उनका रिकॉर्ड कैसा रहा है। 
विज्ञापन

1. सचिन तेंदुलकर (200 मैच) 

2 of 13
सचिन तेंदुलकर - फोटो : सोशल मीडिया
भारत के लिए 200 टेस्ट खेलने वाले सचिन तेंदुलकर दुनिया में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उनके बाद इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन का नाम आता है, जिन्होंने 169 टेस्ट खेले हैं। सचिन ने 1989 से 2013 के बीच 329 टेस्ट पारियों में 53.78 के औसत से 15921 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 248 रन रहा है। इस दौरान उनके बल्ले से 51 शतक और 68 अर्धशतक निकले हैं। इसके अलावा सचिन ने टेस्ट में 46 विकेट भी अपने नाम किए हैं। वो टेस्ट में सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 
विज्ञापन

2. राहुल द्रविड़ (164 मैच) 

3 of 13
राहुल द्रविड़ - फोटो : सोशल मीडिया
भारत के मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के मामले में नंबर पर हैं। उन्होंने 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने करियर की शुरुआत की थी और 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला। 164 टेस्ट की 286 पारियों में द्रविड़ ने 52.31 के औसत से 13288 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 36 शतक और 63 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 270 रन रहा है। द्रविड़ दुनिया के सबसे बेहतरीन टेस्ट खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने हर देश में जाकर रन बनाए हैं। 

3. वीवीएस लक्ष्मण (134 मैच) 

4 of 13
वीवीएस लक्ष्मण - फोटो : सोशल मीडिया
अपनी कलात्मक बल्लेबाजी के लिए खास पहचान बनाने वाले वीवीएस लक्ष्मण तीसरे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले भारतीय हैं। उन्होंने 1996 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने करियर की शुरुआत की थी और 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला। 225 टेस्ट पारियों में लक्ष्मण ने 45.97 के औसत से 8781 रन बनाए हैं। उनके नाम 17 शतक और 56 अर्धशतक हैं। अपने करियर में लक्ष्मण 34 बार नॉट आउट रहे हैं। वे पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते थे, इसलिए उनके नाम शतक कम हैं। उनका सबसे बड़ा स्कोर 281 रन का है। 
विज्ञापन

4. अनिल कुंबले (132 मैच) 

5 of 13
अनिल कुंबले - फोटो : सोशल मीडिया
भारत के दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने भारत के लिए 132 मैच खेले हैं। 1990 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेला था। वहीं 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुंबले ने आखिरी मैच खेला। भारत के लिए 236 पारियों में गेंदबाजी करने वाले कुंबले ने 619 विकेट अपने नाम किए हैं। वे एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्होंने एक पारी में सभी विकेट लिए हैं। वहीं यह कारनामा करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज हैं। कुंबले ने टेस्ट क्रिकेट में 35 बार पांच विकेट और आठ बार 10 विकेट लिए हैं। 
विज्ञापन

5. कपिल देव (131 मैच) 

6 of 13
कपिल देव - फोटो : सोशल मीडिया
भारत को पहली बार विश्व विजेता बनाने वाले कप्तान कपिल देव सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के मामले में पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने 1978 में पाकिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। वहीं 1994 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला। इस दौरान कपिल ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल किया। कपिल ने बल्ले के साथ 184 पारियों में 31.05 के औसत से 5248 रन बनाए। इसमें आठ शतक और 27 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 163 रन रहा है। 

कपिल ने 227 पारियों में गेंदबाजी की है और 434 विकेट लिए हैं। उन्होंने 23 बार पांच विकेट और दो बार 10 विकेट लेने का कारनामा भी किया है। वे एक पारी में नौ विकेट भी ले चुके हैं। 
विज्ञापन

6. सुनील गावस्कर (125 मैच)

7 of 13
सुनील गावस्कर - फोटो : सोशल मीडिया
सुनील गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला मैच खेला था। वहीं 1987 में पाकिस्तान के खिलाफ अपने करियर का आखिरी मैच खेला। इस दौरान उन्होंने 125 मैच की 214 पारियों में 10122 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 51.12 का रहा। गावस्कर ने 34 शतक और 45 अर्धशतक लगाए हैं। उनके नाम भारत के लिए लगातार 106 मैच खेलने का रिकॉर्ड है। वहीं एक सीरीज में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में गावस्कर चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने भारत की कप्तानी करते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ 732 रन बनाए थे। 

7. दिलीप वेंगसरकर (116 मैच) 

8 of 13
दिलीप वेंगसरकर - फोटो : सोशल मीडिया
1976 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट करियर शुरू करने वाले दिलीप वेंगसरकर ने भारत के लिए 116 मैच खेले हैं। उनका आखिरी मैच 1992 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था। उन्होंने 185 पारियों में 42.13 के औसत से 6868 रन बनाए हैं। उनके नाम 17 शतक और 35 अर्धशतक हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 166 रन है। वेंगसरकर उन बल्लेबाजों की सूची में भी शामिल हैं, जो अपने 100वें टेस्ट में शून्य के स्कोर पर आउट हुए थे। उन्होंने एक ही मैच में बल्ले और गेंद दोनों के साथ भारत के लिए पारी की शुरुआत की है। 

8. सौरव गांगुली (113 मैच) 

9 of 13
सौरव गांगुली - फोटो : सोशल मीडिया
दादा के नाम से मशहूर सौरव गांगुली ने भी भारत के लिए 100 से ज्यादा टेस्ट खेले हैं। उन्होंने 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट खेला। इस दौरान 113 मैच की 188 पारियों में गांगुली ने 42.17 के औसत से 7212 रन बनाए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 16 शतक और 35 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं गेंद के साथ उन्होंने 99 पारियों में 32 विकेट लिए हैं। 

9. इशांत शर्मा (105 मैच) 

10 of 13
इशांत शर्मा - फोटो : पीटीआई
105 टेस्ट खेलने वाले इशांत शर्मा भारत के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 100 से ज्यादा मैच खेले हैं और अब तक संन्यास का एलान नहीं किया है। उन्होंने 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने करियर की शुरुआत की थी। वहीं उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला। इशांत ने भले ही अब तक संन्यास का एलान नहीं किया है, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वे भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं। आने वाले सीरीज में भी उन्हें भारतीय टीम में मौका मिलना मुश्किल है। 

इशांत ने भारत के लिए 105 टेस्ट में 311 विकेट लिए हैं। वे 11 बार पांच विकेट एक बार 10 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। 

10. वीरेन्द्र सहवाग (104 मैच)

11 of 13
वीरेन्द्र सहवाग - फोटो : सोशल मीडिया
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने 104 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने अपना पहला मैच 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और आखिरी मैच 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इस दौरान उन्होंने 180 पारियों में 49.34 के औसत से 8586 रन बनाए। उनका सर्वाधिक स्कोर 319 रन रहा है। उनके नाम 23 शतक 50 अर्धशतक हैं। सहवाग टेस्ट में तिहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने भारत के लिए गेंद के साथ भी 40 विकेट लिए हैं। टेस्ट में सबसे ज्यादा तिहरा शतक लगाने के मामले में सहवाग संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।  

11. हरभजन सिंह (103 मैच)

12 of 13
हरभजन सिंह - फोटो : सोशल मीडिया
भारत के लिए 103 टेस्ट खेलने वाले हरभजन सिंह ने साल 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना करियर शुरू किया था। वहीं 2015 में भज्जी ने श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट खेला। इस दौरान उन्होंने 190 पारियों में 417 विकेट अपने नाम किए। वे 25 बार पांच विकेट और पांच बार 10 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। हरभजन ने बल्ले के साथ भी कई उपयोगी पारियां खेली हैं। उन्होंने 145 पारियों में 18.22 के औसत से 2224 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 115 का है और उनके नाम दो शतक और नौ अर्धशतक हैं। 
विज्ञापन

12. विराट कोहली

13 of 13
विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
विराट कोहली भारत के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले 12वें खिलाड़ी हैं। उन्होंने 33 साल के विराट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 जून 2011 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। भारत के लिए विराट अब तक 7962 रन बना चुके हैं। 168 पारियों में उनका औसत 50.39 का रहा है। उनका सर्वोच्च स्कोर 254 रन है। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 27 शतक और 28 अर्धशतक हैं। क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में विराट सात बार 200 का आंकड़ा भी पार कर चुके हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें