फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20 WC: क्या गुटबाजी की वजह से बाहर हुआ पाकिस्तान? तीन खेमे में बंटी PAK टीम, बाबर-अफरीदी और रिजवान में अनबन

Sat, 15 Jun 2024 06:32 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची

सार

पाकिस्तान टीम को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। बाबर एंड कंपनी के टी20 विश्व कप से जल्दी बाहर होने के लिए टीम के भीतर गुटबाजी और महत्वपूर्ण क्षणों में वरिष्ठ खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
विज्ञापन
1 of 6
बाबर, रिजवान और शाहीन - फोटो : ICC/PCB
पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप 2024 से बाहर हो चुकी है। हालांकि, ग्रुप स्टेज से ही बाहर होने पर अब टीम को लेकर नए-नए खुलासे हो रहे हैं। कप्तान बाबर आजम और उनकी टीम पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। पाकिस्तान के लिए ओपनिंग कर चुके अहमद शहजाद, कामरान अकमल समेत कई क्रिकेटरों ने इस टीम पर निशाना साधा था और पूरी टीम बदलने की सलाह दी थी। वहीं, वसीम अकरम ने टीम में अनबन को लेकर बयान दिया था।

उन्होंने कहा था- ये बातें सामने आ रहीं कि ये उससे बात नहीं कर रहा, वो उससे बात नहीं कर रहा। ये छोटे बच्चे हैं क्या? अगर ऐसा है तो पूरी टीम बदल देना चाहिए। अब पाकिस्तान टीम को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। बाबर एंड कंपनी के टी20 विश्व कप से जल्दी बाहर होने के लिए टीम के भीतर गुटबाजी और महत्वपूर्ण क्षणों में वरिष्ठ खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
विज्ञापन

2 of 6
पाकिस्तान टीम - फोटो : ICC/T20 World Cup
इस लचर प्रदर्शन के बाद टीम के साथ ही पीसीबी में भी एकबार फिर 'बड़े बदलाव' हो सकते हैं। दरअसल, पिछले साल भारत में वनडे विश्व कप में पाकिस्तान टीम के खराब प्रदर्शन के बाद टीम के साथ-साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) में बड़े बदलाव हुए थे। तब पीसीबी अध्यक्ष बदल गए थे और कप्तान भी बदला गया था। हालांकि, जनवरी में नए पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के आने के बाद बाबर को फिर से कप्तान बनाया गया। सूत्रों के मुताबिक, कप्तान के रूप में वापसी पर बाबर आजम के सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम को एकजुट करने की थी, लेकिन गुटबाजी के कारण वह ऐसा नहीं कर सके।
विज्ञापन

3 of 6
पाकिस्तान टीम - फोटो : PCB Twitter
शाहीन शाह अफरीदी कप्तानी गंवाने और बाबर द्वारा जरूरत पड़ने पर उनका समर्थन नहीं करने से नाराज हैं, जबकि मोहम्मद रिजवान कप्तानी के लिए विचार नहीं किए जाने से नाखुश हैं। टीम के सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, 'टीम में तीन गुट हैं। एक का नेतृत्व बाबर आजम कर रहे है तो वहीं दूसरे खेमे की अगुआई अफरीदी और तीसरे की रिजवान कर रहे हैं। इस सब के बीच मोहम्मद आमिर और इमाद वसीम जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों की वापसी से टीम की स्थिति और खराब हो गई है।

4 of 6
पाकिस्तान टीम - फोटो : PCB Twitter
सूत्र ने बताया, 'इमाद और आमिर की वापसी ने भ्रम बढ़ा दिया क्योंकि बाबर के लिए इन दोनों से कोई समर्थन प्राप्त करना मुश्किल था। इन दोनों ने फ्रेंचाइजी आधारित लीगों को छोड़कर लंबे समय से शीर्ष स्तर की घरेलू या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला था। ऐसे भी उदाहरण थे जहां कुछ खिलाड़ी एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे थे और उनमें से कुछ ने टीम के तीनों खेमों की अगुआई कर रहे खिलाड़ियों को खुश करने की भी कोशिश की।
विज्ञापन

5 of 6
पाकिस्तान टीम - फोटो : PCB Twitter
पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अध्यक्ष मोहसिन नकवी को विश्व कप से पहले ही टीम की समस्याओं के बारे में अच्छी तरह से पता था। उनके करीबी और राष्ट्रीय चयनकर्ता वहाब रियाज ने उन्हें इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, 'नकवी ने सभी खिलाड़ियों के साथ अकेले में दो बैठकें की और निजी हितों की जगह विश्व कप जीतने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा था। उन्होंने उन्हें विश्व कप के बाद टीम में सभी गलतफहमियों को दूर करने का वादा भी किया था, लेकिन बात नहीं बनी।'
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
पाकिस्तान टीम - फोटो : ICC/PCB
सूत्र ने कहा, 'मैं बाबर का बचाव नहीं कर रहा हूं, लेकिन एक कप्तान को क्या करना चाहिए जब आपका प्रमुख गेंदबाज कमजोर अमेरिका टीम के खिलाफ अंतिम ओवर में 15 रनों का भी बचाव नहीं कर सकता और फुल टॉस पर एक चौका और छह रन दे देता है। संन्यास से वापसी करने वाले एक ऑलराउंडर को फिटनेस संबंधी समस्या के कारण टीम से बाहर बैठना पड़ता है।' उन्होंने कहा कि इन सब चीजों के बीच खिलाड़ियों के एजेंटों और सोशल मीडिया अभियान चलाने वाले कुछ पूर्व खिलाड़ियों सहित बाहरी तत्वों की भूमिका ने भी टीम में तनाव को और बढ़ाने का काम किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें