मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज टिम डेविड और बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड पर पंजाब किंग्स के खिलाफ 18 अप्रैल को मुल्लांपुर में खेले गए मैच के दौरान आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह जुर्माना तब लगाया गया जब मैच के दौरान का एक वायरल वीडियो सामने आया था, जिसमें पांच बार के चैंपियन मुंबई के डगआउट में डेविड और पोलार्ड को बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को डीआरएस के लिए इशारा करने और लेने में अवैध सहायता प्रदान करते हुए देखा गया था।
आईपीएल ने एक बयान में कहा, 'डेविड और पोलार्ड ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.20 के तहत लेवल एक का अपराध किया है। डेविड और पोलार्ड पर मैच फीस का 20-20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और मैच रेफरी द्वारा लगाए गए जुर्माने को स्वीकार कर लिया है। आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के लिए, मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी है।
फोटो क्रेडिट: IPL/BCCI