फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ashwin Record: अश्विन चौथी पारी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय, घर में टीम की जीत में प्रमुख 'अस्त्र'

Sun, 22 Sep 2024 12:59 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

सार

अश्विन को बांग्लादेश की पहली पारी में कोई विकेट नहीं मिला था, लेकिन दूसरी पारी में वह विपक्षी टीम पर कहर बनकर टूटे। अश्विन ने शदमान इस्लाम, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम, शाकिब अल हसन, मेहदी हसन मिराज और तस्कीन अहमद को अपना शिकार बनाया।
विज्ञापन
1 of 6
रविचंद्रन अश्विन - फोटो : BCCI
भारत ने चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश को 280 रन से हरा दिया है। 515 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की दूसरी पारी 234 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया की जीत में सबसे बड़ा किरदार रविचंद्रन अश्विन ने निभाया। उन्होंने पहली पारी में शतक लगाने के अलावा दूसरी पारी में छह विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अश्विन टेस्ट में 10वीं बार प्लेयर ऑफ द मैच बने। उन्होंने पत्नी प्रीति और बच्चों के सामने भारत की पहली पारी में बेहतरीन 113 रन बनाए थे और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। अब मैच के चौथे दिन पत्नी और बच्चों की मौजूदगी में ही 37वीं बार फाइव विकेट हॉल लिया। इस मामले में उन्होंने महान शेन वॉर्न की बराबरी की। अश्विन ने 88 रन देकर छह विकेट लिए, जिसकी बदौलत भारत ने बांग्लादेश को 234 रन पर ही समेट दिया। 
विज्ञापन

2 of 6
छह विकेट लेने के बाद अश्विन - फोटो : BCCI
अश्विन को बांग्लादेश की पहली पारी में कोई विकेट नहीं मिला था, लेकिन दूसरी पारी में वह विपक्षी टीम पर कहर बनकर टूटे। अश्विन ने शदमान इस्लाम, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम, शाकिब अल हसन, मेहदी हसन मिराज और तस्कीन अहमद को अपना शिकार बनाया। इससे पहले उन्होंने भारत की पहली पारी में 144 रन पर छह विकेट गंवा चुके भारत को 300 के पार पहुंचाया था। उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 199 रन की साझेदारी निभाई थी। जडेजा ने 86 रन बनाए थे। वहीं, अश्विन ने टेस्ट करियर का छठा शतक लगाया, जबकि चेपॉक में यह उनका लगातार दूसरा टेस्ट शतक रहा। अश्विन ने 133 गेंद में 11 चौके और दो छक्के की मदद से 113 रन की पारी खेली।
विज्ञापन

3 of 6
रविचंद्रन अश्विन - फोटो : BCCI
चेपॉक में अश्विन का टेस्ट रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने यहां पांच टेस्ट में 48.9 की औसत से 342 रन बनाए हैं। वहीं, 22.9 की बेहतरीन औसत से 36 विकेट भी लिए हैं। अश्विन किसी एक टेस्ट में सबसे ज्यादा बार फाइफर और शतक लगाने के मामले में महान इयान बॉथम के बाद दूसरे स्थान पर हैं। बॉथम ने ऐसा पांच बार किया था। वहीं, अश्विन अब तक चार बार ऐसा कर चुके हैं। चेपॉक में अश्विन ने दो बार ऐसा किया है और वह किसी एक मैदान पर दो बार ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। अश्विन ने इस मैच से पहले साल 2021 में इसी मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में 106 रन बनाए थे और 43 रन देकर पांच विकेट झटके थे।  

4 of 6
रविचंद्रन अश्विन - फोटो : BCCI
अश्विन टेस्ट मैच की चौथी पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में महान अनिल कुंबले को पीछे छोड़ा। कुंबले ने चौथी पारी में 94 विकेट लिए थे, जबकि अश्विन के नाम 99 विकेट हैं। 60 विकेट के साथ बिशन सिंह बेदी तीसरे स्थान पर हैं। अश्विन ने सातवीं बार टेस्ट की चौथी पारी में पांच या इससे ज्यादा विकेट लिए। इस मामले में उन्होंने शेन वॉर्न और मुथैया मुरलीधरन की बराबरी की। अब उनसे आगे सिर्फ श्रीलंका के पूर्व स्पिनर रंगना हेराथ हैं। हेराथ ने टेस्ट की चौथी पारी में 12 बार फाइव विकेट हॉल लिया है। अश्विन साल 2013 से घर में भारत की लगातार 17 टेस्ट सीरीज जीत में प्रमुख हथियार रहे हैं। अगर टीम इंडिया बांग्लादेश को अगले टेस्ट में हरा देती है तो टीम लगातार 18वीं सीरीज जीत लेगी। अश्विन ने साल 2013 से भारत के लिए घरेलू टेस्ट में सबसे ज्यादा 315 विकेट लिए हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर 215 विकेट के साथ रवींद्र जडेजा हैं। तीसरे नंबर पर 83 विकेट के साथ उमेश यादव हैं।
विज्ञापन

5 of 6
रविचंद्रन अश्विन - फोटो : BCCI
टेस्ट में अब तक अश्विन ने 101 टेस्ट मैचों की 142 पारियों में 26.94 की औसत से 3422 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने छह शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। अश्विन का उच्चतम स्कोर 124 रन का रहा है। वहीं, वह टेस्ट में 522 विकेट भी ले चुके हैं। इनमें 37 बार पारी में पांच विकेट और आठ बार मैच में 10 विकेट शामिल है। पारी में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 59 रन देकर सात विकेट रही है। अश्विन ने सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट के मामले में महान कोर्टनी वॉल्श को पीछे छोड़ दिया है। वॉल्श के 519 विकेट थे।

टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट
खिलाड़ी मैच विकेट सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 5फर
मुथैया मुरलीधरन 133 800 9/51 67
शेन वॉर्न 145 708 8/71 37
जेम्स एंडरसन 188 704 7/42 32
अनिल कुंबले 132 619 10/74 35
स्टुअर्ट ब्रॉड 167 604 8/15 20
ग्लेन मैक्ग्रा 124 563 8/24 29
नाथन लियोन 129 530 8/50 24
रविचंद्रन अश्विन 101 522 7/59 37
कोर्टनी वॉल्श 132 519 7/37 22
डेल स्टेन 93 439 7/51 26
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
भारत बनाम बांग्लादेश - फोटो : BCCI
भारत ने चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश को 280 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। 515 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की दूसरी पारी 234 रन पर सिमट गई। रविचंद्रन अश्विन ने कहर बरपाते हुए छह विकेट झटके। यह उनका टेस्ट में 37वां फाइव विकेट हॉल रहा और उन्होंने इस मामले महान शेन वॉर्न की बराबरी की। बांग्लादेश की ओर से नजमुल हुसैन शांतो ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 376 रन बनाए थे। जवाब मे बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर समाप्त हो गई। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को फॉलोऑन न खिलाते हुए 227 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में बल्लेबाजी की। भारत ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 287 रन बनाकर घोषित कर दी थी और उन्हें कुल 514 रन की बढ़त मिली थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें