फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: लक्ष्मण के ड्रॉप कैच ने गिलक्रिस्ट को संन्यास लेने के लिए किया था मजबूर, सुनाई 16 साल पुरानी कहानी

Wed, 25 Sep 2024 01:04 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी

सार

उन्होंने बताया कि कैसे भारत के बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का एक आसान कैच छोड़ने के बाद ही उन्होंने संन्यास लेने का फैसला किया और उन्होंने तुरंत मैथ्यू हेडन को अपने फैसले के बारे में बताया था।
विज्ञापन
1 of 4
वीवीएस लक्ष्मण और एडम गिलक्रिस्ट - फोटो : Twitter
एडम गिलक्रिस्ट दुनिया के उन बल्लेबाजों में शुमार हैं, जिनके मैदान पर आने से ही गेंदबाज कांपने लगते थे। उन्होंने मैथ्यू हेडन के साथ मिलकर बड़े से बड़े गेंदबाज की जमकर धुनाई की। हालांकि, 2008 में एक ऐसा वक्त आया था, जब उन्हें भी किसी वजह से बुरा महसूस हुआ था और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया था। उन्होंने खुद इस कहानी का खुलासा किया है। गिलक्रिस्ट ने 2008 में भारत के खिलाफ एडिलेड टेस्ट के बीच में संन्यास की घोषणा करके दुनिया को चौंका दिया था। वह 100 टेस्ट पूरे करने से चार मैच दूर थे। वह तब अगर ऐसा कर देते तो यह उपलब्धि हासिल करने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज होते। हालांकि, उनके संन्यास ने दुनिया को चौंका दिया था। उन्होंने बताया कि कैसे भारत के बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का एक आसान कैच छोड़ने के बाद ही उन्होंने संन्यास लेने का फैसला किया और उन्होंने तुरंत मैथ्यू हेडन को अपने फैसले के बारे में बताया था।
विज्ञापन

2 of 4
गिलक्रिस्ट - फोटो : Twitter
गिलक्रिस्ट ने क्लब प्रेयरी फायर पोडकास्ट पर कहा, 'जब पिछली बार मैं ऑस्ट्रेलिया में खेला था तो मजेदार बात हुई थी। मैं ब्रेट ली की गेंद पर कैच लेने की कोशिश कर रहा था। और एक रात पहले मैं पूरी रात अपनी पत्नी से फोन पर बात कर क्रिकेट में अपने आगे के अपने सफर के बारे में सोच रहा था। हम भारत के खिलाफ सीरीज के बाद वेस्टइंडीज दौरे पर जाने वाले थे। उस दौरे पर मैं संभवत: 99 टेस्ट खेल लेता और इसके बाद हम भारत का दौरा करते और वहीं मैं अपना 100वां टेस्ट खेलता। मैं ये सोच रहा था कि मैं ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट क्रिकेटरों के एलीट समूह में शामिल हो जाऊंगा।'
विज्ञापन

3 of 4
गिलक्रिस्ट - फोटो : Twitter
गिलक्रिस्ट ने कहा, 'फिर अगले दिन मैंने वीवीएस लक्ष्मण का एक कैच लेने का प्रयास किया और इसे गिरा दिया। वह बहुत ही आसान कैच था। गेंद जमीन से टकराई और मैंने बड़ी स्क्रीन पर रीप्ले को देखा। इसे बार-बार देखा और शायद 32 बार देख गया। मैं मैथ्यू हेडन की ओर मुड़ा और कहा कि बस अब बहुत हो चुका, मैं अब क्रिकेट नहीं खेलूंगा। गेंद के मेरे दस्ताने से टकराने से लेकर घास से टकराने तक, एक पल में मुझे एहसास हुआ कि यह मेरे रिटायर होने का सही समय है। मैंने खुद में सोचा कि मुझे न तो वेस्टइंडीज के दौरे के बारे में चिंता करने की जरूरत है और न ही भारत में 100वें टेस्ट के बारे में चिंता करने की जरूरत है। यह मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट छोड़ने का फैसला था।'
विज्ञापन

4 of 4
गिलक्रिस्ट - फोटो : Twitter
गिलक्रिस्ट ने याद किया कि हेडन ने उन्हें इस तरह के कठिन फैसले को लेने से रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया, 'हेडन ने मुझसे कहा- दोस्त, अपने आप को मत कोसो। यह पहला कैच नहीं है, जिसे आपने गिराया है और यह शायद आखिरी नहीं होगा। कोई बात नहीं, हम साथ में मिलकर इसका सामना करते हैं और इस बारे में सोचते हैं। मुझे बाकी टीम के साथियों से भी अच्छा समर्थन मिला, लेकिन मैं फैसला ले चुका था। मुझे ऑस्ट्रेलिया में भारतीय सीरीज का वह क्षण आज भी याद है। यह मेरे टेस्ट करियर का आखिरी क्षण था और मुझे इसका कभी पछतावा नहीं हुआ।' गिलक्रिस्ट ने जनवरी 2008 में टेस्ट से संन्यास लेने के बाद इसी साल फरवरी में टी20 अंतरराष्ट्रीय और मार्च में वनडे क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें