पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नवांशहर के खटकड़कलां गांव में शपथ ग्रहण किया था। इस गांव का नाता शहीद भगत सिंह से है। यह उनका पैतृक गांव है। हालांकि भगत सिंह वैसे कभी खटकड़कलां नहीं आए, क्योंकि आजादी से पहले उनका परिवार पाकिस्तान चला गया था। मगर एक बार चाचा अजीत सिंह को ढूंढते नवांशहर के कस्बा जाडला जरूर पहुंचे थे। उन्हें कहीं से पता चला था कि चाचा का पता गदर पार्टी के पास हो सकता है। यही वजह है कि उन्होंने गदर पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से माधो राम (कैशियर) जो सेन फ्रांसिस्को में थे, से संपर्क साधने के लिए कस्बा जाडला का रुख किया था।