चंडीगढ़ में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है। कोरोना के साथ इसके नए स्वरूप ओमिक्रॉन की दस्तक ने चिंता और बढ़ा दी है, लेकिन लोग अब भी लापरवाह बने हैं। मास्क न पहनना और भीड़ में जाना, टीके की दोनों खुराक न लेने जैसी गलती करने के बावजूद निडर होकर बाहर घूमना अब आम है। ऐसे में विशेषज्ञ भी चिंतित हैं, उनका कहना है कि यह स्थिति घातक हो सकती है। कहीं ऐसा न हो कि इस लापरवाही के कारण उत्पन्न हुई परिस्थितियां संभलने का मौका तक छीन लें, ऐसे में हमें ज्यादा सर्तक रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग के उप निदेशक डॉ. वीके नागपाल का कहना है कि वायरस रूप बदलकर अटैक कर रहा है। ऐसे में जरूरी है कि हम सभी सावधान रहें। भीड़ व समारोह से दूरी बनाएं। बीते दस दिनों में कोरोना के 99 मरीज मिले हैं। पूर्व में कोरोना का हॉटस्पॉट रह चुके बापूधाम में तीन दिन पहले एक मौत भी हो चुकी है। वहीं पिछले 48 घंटे में पीयू और सेक्टर 14 से भी एक-एक मरीज ने जान गंवाई है। मनीमाजरा, सेक्टर 37, 21, 15, 23, 43 से भी लगातार संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं, जो चिंता की बात है।