पंजाब के लुधियाना में वायुसेना के रिटायर्ड अधिकारी भूपिंदर सिंह और उनकी पत्नी सुष्पिंदर कौर की हत्या का राज खुल गया है। सच्चाई जान हर कोई हैरान है। मामला लुधियाना के जीटीबी नगर का है। बुजुर्ग दंपती की हत्या किसी रंजिश की वजह से नहीं बल्कि उनके बेटे ने जायदाद की खातिर करवाई है। आरोपी ने ढाई लाख रुपये की सुपारी देकर इस पूरे हत्याकांड को अंजाम दिलवाया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों को घर के अंदर भी बेटे ने ही आने दिया। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के लिए करीब एक घंटे तक छत पर इंतजार किया। जैसे ही भूपिंदर सिंह जागे तो आरोपियों ने एकदम से हमला कर दिया। जब उनकी पत्नी यह देख सक्रिय हुईं तो आरोपियों ने उन्हें भी मौत के घाट उतार दिया और जाते वक्त भूपिंदर की जेब में पड़े पैसे, सोने की अंगूठी और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर ले गए।