ओवर द टॉप (ओटीटी) वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाओं में अब भी सबसे ज्यादा हिस्सेदारी रखने वाले ओटीटी नेटफ्लिक्स के लिए खतरे की घंटी बज गई है। ओटीटी पर नए नवेले मनोरंजन की तलाश के लिए आने वाले दर्शक तेजी से डिज्नी प्लस की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। और, ओटीटी पर मनोरंजन सामग्री की मांग का आंकड़ा जुटाने वाली एजेंसी पैरट एनालिटिक्स की मानें तो नेटफ्लिक्स के ओरीजनल्स की मांग दर्शकों के बीच 50 फीसदी से भी कम हो चुकी है। दर्शकों की नेटफ्लिक्स में कम होती दिलचस्पी का ये बड़ा संकेत माना जा रहा है। हालांकि, नेटफ्लिक्स ने दूसरी तिमाही के अपने नतीजों में भविष्य को ओटीटी कारोबार के लिए अच्छा समय माना है।
पैरट एनालिटिक्स अमेरिका की ही एक बड़ी एजेंसी है जो ये पता लगाने की कोशिश करती है कि कोई भी वीडियो स्ट्रीमिंग सेवा नए ग्राहकों को अपने कंटेंट से कितना आकर्षित कर सकती है। इस साल की दूसरी तिमाही के आंकड़े जारी करते पैरट एनालिटिक्स ने दावा किया कि नेटफ्लिक्स के मामले में ये मांग 50 फीसदी से भी ज्यादा नीचे आ गई है। अमेरिका के तकरीबन सभी समाचार पत्रों और न्यूज पोर्टल पर ये सर्वे प्रकाशित होने के बाद से वहां के ओटीटी मार्केट में गजब की हलचल देखी जा रही है।