कोरोना महामारी के बाद जिस तेजी से महंगाई बढ़ी है। उसका एक बुरा असर लोगों की जेबों पर पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ कई लोग ये आस लगाए बैठे हैं कि आने वाला साल शायद उनको महंगाई से राहत दिलाएगा। हालांकि, अर्थव्यवस्था जिस तरह से गति कर रही है, उसे देखते हुए ऐसा नहीं लगता है कि साल 2022 में भी लोगों को महंगाई से राहत मिलने वाली है। साल 2020 के बाद से दुनिया के कई देशों में मुद्रास्फीति काफी तेजी से बढ़ी है। इस कारण दुनिया के कई देशों में गुजर बसर करने वाला आम जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। ऐसे में 50 साल बाद दुनिया को फिर से महंगाई का डर सता रहा है। 1974 के बाद अमेरिका में जो महंगाई बढ़ी थी, उसका बुरा असर विश्व के कई देशों में देखने को मिला था। अमेरिका में बढ़ी इस महंगाई का सबसे बड़ा कारण वियतनाम युद्ध और मिडल ईस्ट से हो रही तेल आपूर्ति में दिक्कतें थीं। इससे दुनिया के कई देश नकारात्मक तौर पर प्रभावित हुए।