सरकार द्वारा चलाई जा रही कई ऐसी योजनाएं हैं, जिनके बारे में अधिकतर लोगों को जानकारी ही नहीं है। इन्हीं में से एक है प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना। देश के गांवों में रहने वाले लोगों के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने इस योजना को लागू किया है। 20 अप्रैल 2020 को उन्होंने इस योजना का शुभारंभ किया था। ग्रामीणों के लिए यह योजना किसी 'वरदान' से कम नहीं है। इस योजना के तहत लोगों को उनकी वैसी जमीन का मालिकाना हक मिल रहा है, जिनका सरकारी आंकड़ों में कोई रिकॉर्ड ही दर्ज नहीं है। दरअसल, अभी भी गांवों में रहने वाले कई लोगों के पास उनकी जमीन के मालिकाना हक से जुड़ा कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह योजना उन लोगों को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलाने का काम कर रही है। इसके अलावा, इस योजना के जरिये केंद्र सरकार गांवों में रहने वाले लोगों की जमीनों का रिकॉर्ड भी तैयार कर रही है, जो आगे बहुत काम आएगा।