मध्य प्रदेश के मंदसौर में प्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ महादेव का मंदिर है। इस मंदिर में सहस्त्रेश्वर महादेव की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। सहस्त्रेश्वर महादेव का शिवलिंग ढाई टन का है और 6.50 फीट इसकी लंबाई और गोलाई है। भगवान शिव के इस शिवलिंग को जिलहरी में स्थापित करना था, लेकिन कई बड़े इंजीनियर्स को इसमें कामयाबी नहीं मिली।
सहस्त्रेश्वर महादेव की प्रतिमा को स्थापित करने के लिए क्रेन की मदद लेनी थी जिसके लिए प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी, पीएचई, जिला पंचायत समेत सभी विभागों के इंजीनियर्स को बुलाया था। हालांकि कोई भी यह नहीं बता पाया कि शिवलिंग को जिलहरी पर कैसे स्थापित किया जाएगा। जब किसी को भगवान शिव के शिवलिंग को जिलहरी पर स्थापित करने में कामयाबी नहीं मिली तो यह जिम्मेदारी एक मुस्लिम मिस्त्री ने ली। जलाधारी यानी जिलहरी में शिवलिंग को स्थापित करने में जब बड़े-बड़े अनुभवी इंजीनियर फेल हो गए, तो वहां काम करने वाले मिस्त्री मकबूल हुसैन अंसारी ने अधिकारियों से बात की और कहा कि वह इसमें मदद कर सकते हैं।