दुनिया में ऐसी कई रहस्यमय जगहें हैं, जो लोगों को हैरान करती हैं। क्या आपने किसी ऐसे शहर के बारे में सुना है, जो एक-दो नहीं बल्कि 8000 फीट की ऊंचाई पर बसा हो? अब आप कहेंगे कि ये तो अजूबा है। तो हम आपको बता दें कि ये शहर दुनिया के सात अजूबों में से ही एक है, जो कई सालों से वीरान पड़ा हुआ है। इस जगह से जुड़े ऐसे कई रहस्य हैं, जिनका जवाब किसी के पास नहीं है। यही वजह है कि इस जगह को 'रहस्यमय शहर' भी कहा जाता है।
इस शहर का नाम है माचू पिच्चू, जो दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में स्थित है। यह इंका सभ्यता से संबंधित एक एतिहासिक स्थल है। यह शहर समुद्र तल से 2430 मीटर यानी करीब 8,000 फीट की उंचाई पर उरुबाम्बा घाटी के ऊपर एक पहाड़ पर स्थित है। माचू पिच्चू दुनिया के सात आश्चर्यों में से एक है। माचू पिच्चू को अक्सर लोग 'इंकाओं का खोया हुआ शहर' भी कहते हैं। यह इंका साम्राज्य के सबसे परिचित प्रतीकों में से एक है। इसे पेरू का एक एतिहासिक देवालय भी कहा जाता है, इसलिए इसे एक पवित्र स्थान माना जाता है। साल 1983 में इसे यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल का दर्जा दिया गया है।