Most Expensive Train In India: रेगिस्तान की तपती धूप, सुनहरी रेत और शाही ठाठ, इन सबका मेल जब एक ही सफर में मिल जाए, तो अनुभव किसी सपने से कम नहीं लगता। राजस्थान की पहचान बन चुकी लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कुछ अलग है। करीब 45 साल के इतिहास में पहली बार यह शाही ट्रेन मई की भीषण गर्मी में भी पर्यटकों को राजस्थान की सैर कराने जा रही है। अब तक यह ट्रेन केवल सर्दियों या सुहा वने मौसम में ही चलाई जाती थी, लेकिन बदलते हालातों और पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से यह नया कदम उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस खास यात्रा के लिए एक राष्ट्रीयकृत बैंक ने अपने 84 सदस्यों के लिए पूरी ट्रेन को चार्टर बुक किया है। यह शाही सफर 20 मई को दिल्ली से शुरू होगा और 21 मई की सुबह जयपुर पहुंचेगा। जयपुर में मेहमानों के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को शुरुआत से ही रॉयल फील मिल सके। पर्यटन विशेषज्ञ इसे एक सकारात्मक संकेत मान रहे हैं, क्योंकि हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय हालात, खासतौर पर मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के चलते विदेशी पर्यटकों की संख्या में गिरावट देखी गई है।