राजधानी पटना में मंगलवार को जदयू प्रदेश कार्यालय के बाहर उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला शिक्षक अभ्यर्थी ने शिक्षा मंत्री सुनील कुमार की गाड़ी पर लटककर अपनी फरियाद सुनाने की कोशिश की। मंत्री जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यालय से बाहर निकल ही रहे थे, तभी यह घटना हुई। मौके पर मौजूद लोगों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला मंत्री से गिड़गिड़ाती रही ‘सर, सर, प्लीज मेरी बात सुन लीजिए’। मगर मंत्री बिना रुके गाड़ी में बैठकर निकल गए।