पश्चिम बंगाल के कोलकाता में बीते दिनों महिला डॉक्टर से पहले यौन शोषण और फिर हत्या कर दी गई थी। इस मामले को लेकर देश भर के विभिन्न मेडिकल कॉलेज और संस्थानों में डॉक्टरों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। इस सिलसिले में उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोलकाता डॉक्टर हत्या मामले से नाराज चिकित्सक दोषियों को कार्रवाई और डॉक्टरों को सुरक्षा की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं।
जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि अब जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। बीते चार दिन से जारी हड़ताल में ओपीडी प्रभावित करने के बाद डॉक्टरों ने अब इमरजेंसी सेवा को भी ठप कर दिया है। इसके कारण ढाई हजार से अधिक मरीज प्रतिदिन बिना इलाज कराए ही लौटने को विवश हो गए हैं। वहीं, मुजफ्फरपुर एसकेसीएमएच में पहुंचे अलग-अलग प्रखंड के मरीजों ने अपनी-अपनी दास्तान सुनाई। उन्होंने कहा कि यही हाल रहा तो मरीज की मौत हो जाएगी। हमारी बात को सुनने वाला कोई नहीं है। राज्य सरकार मामले में जल्द पहल कर स्थिति सामान्य करवाने में मदद करे, ताकि मरीज अपना इलाज करवा सकें।