केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर फ्लेक्स-फ्यूल इंजन वाली भारत की पहली कार से पर्दा उठाया। यह मॉडल हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ टोयोटा मोटर की Corolla Altis (कोरोला एल्टिस) सेडान है। कार को पेश करने के बाद, गडकरी ने टोयोटा फ्लेक्स-फ्यूल कोरोला एल्टिस में बैठकर उसका अनुभव लिया। इस कार्यक्रम में इस्तेमाल किया गया मॉडल लेफ्ट-हैंड ड्राइव Corolla Altis है। यह भारत में फ्लेक्सी-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को बढ़ावा देने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट का हिस्सा है। केंद्र सरकार प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ महंगे तेल आयात को भी कम करने के लिए वाहनों के लिए वैकल्पिक ईंधन पर जोर दे रही है। इस कार के लॉन्च होने पर गडकरी ने कहा, "आज हमारा सपना साकार हो गया।"